झुंझुनू

जयपुर के श्रद्धालुओं से भरी बस बिजली के खंभे से टकराई… आग लगने से एक की मौत, 21 गंभीर घायल

मनसा माता में शुक्रवार को गुप्त नवरात्र की नवमी पर सवामणि कार्यक्रम में शामिल होने आए श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई।
2 min read
• •
Updated: 4 Jul 2025, 8:53 PM IST
bus accident
मनसा माता हादसे में जली बस: फोटो पत्रिका

पचलंगी (झुंझुनूं)। मनसा माता में शुक्रवार को गुप्त नवरात्र की नवमी पर सवामणि कार्यक्रम में शामिल होने आए श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई। इससे एक श्रद्धालु धूड़ सिंह की मौत हो गई, जबकि चालक सहित 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी बस जलकर राख हो गई। घायलों को झुंझुनूं और सीकर रेफर किया गया है।

ऐसे हुआ हादसा

गुड़ा गांव निवासी दलपत सिंह व मीनू कंवर के पुत्र होने पर उनके ससुराल पक्ष के लोग जयपुर के सांगानेर से मनसा माता मंदिर आए थे। ससुर गोपाल सिंह चौहान, सास मोना कंवर समेत करीब 40 लोग बस से आए और मंदिर में पूजा अर्चना व छूछक रस्म कर जयपुर लौट रहे थे। रवाना होते समय ही चालक को बस के ब्रेक फेल होने का अंदेशा हुआ। वह बस को नियंत्रित करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सड़क के एक तरफ खाई और दूसरी ओर चट्टान होने से बस अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई।

घटना के बाद राहत व बचाव कार्य

आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पूरी बस जल चुकी थी।

पिछले साल भी हुआ था बड़ा हादसा

गौरतलब है कि 29 मई 2023 को भी मनसा माता दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। उस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हुए थे। बावजूद इसके, व्यवस्थाओं में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।

थाना अधिकारी बोले:

जयपुर से आए श्रद्धालुओं की बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे बस में आग लग गई। रेस्क्यू कर सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और बाकी का इलाज जारी है।

-कस्तूर वर्मा, थाना प्रभारी, उदयपुरवाटी

Updated on:
4 Jul 2025, 8:53 PM IST
Published on: