9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Startup: देवरानी-जेठानी की जोड़ी मचा रही धमाल, इस शानदार स्टार्टअप के साथ घर बैठे हो रही मोटी कमाई

Unique Startup Of Devrani-Jethani: बुहाना की देवरानी-जेठानी ममता और मोहिनी ने पारंपरिक सोच से आगे बढ़ते हुए कैंडल मेकिंग का अनोखा स्टार्टअप शुरू किया है। अपनी रचनात्मकता और मेहनत के दम पर उन्होंने घर से ही डिजाइनर और खुशबूदार कैंडल बनाकर अच्छी कमाई का रास्ता तैयार किया।

2 min read
Google source verification
Startup

कैंडल के उत्पाद तैयार करती देवरानी-जेठानी की जोड़ी (फोटो: पत्रिका)

Real Life Inspirational Story: देवरानी-जेठानी की जोड़ी आमतौर पर घर की जिम्मेदारियां संभालने के लिए जानी जाती है, लेकिन बुहाना की दो गृहणियों ने इस सोच को बदलते हुए कारोबार में नई मिसाल कायम की है। बुहाना की ममता और मोहिनी ने मिलकर कैंडल मेकिंग का स्टार्टअप शुरू किया और महज एक साल में अपनी अलग पहचान बना ली।

दोनों ने डीजे कैंडल मेकर के नाम से खुशबूदार और डिजाइनर कैंडल बनाने का काम शुरू किया है। अपनी रचनात्मकता और मेहनत के दम पर उन्होंने इस छोटे से स्टार्टअप को सफल व्यवसाय में बदल दिया है। आज उनके बनाए कैंडल आइटम क्षेत्र की गिफ्ट शॉप और आयोजनों में खूब पसंद किए जा रहे हैं।

पहली कोशिश में नहीं मिली सफलता

ममता और मोहिनी बताती हैं कि शुरुआत आसान नहीं थी। पहले उन्होंने सामान्य कैंडल लेकर अलग-अलग डिजाइन बनाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती प्रयास सफल नहीं रहे। इसके बाद दोनों ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए कैंडल मेकिंग की जानकारी जुटाई।

कच्चा माल कहां से लाना है, डिजाइन कैसे तैयार करनी है और मार्केटिंग कैसे करनी है इन सभी पहलुओं को समझने के बाद उन्होंने दोबारा काम शुरू किया।

जयपुर से कच्चा माल मंगवाकर घर पर अलग-अलग डिजाइन की कैंडल बनाई और लोगों को डेमो दिया। लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद धीरे-धीरे ऑर्डर मिलने लगे।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से बढ़ा कारोबार

शुरुआत में आसपास के लोगों को कैंडल दिखाकर ऑर्डर लिए गए। बाद में दोनों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा लिया। सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रोडक्ट की जानकारी दी।

इसके बाद ऑर्डर की संख्या लगातार बढ़ती चली गई और उनका छोटा सा स्टार्टअप धीरे-धीरे पहचान बनाने लगा। ममता ने बताया कि बुहाना क्षेत्र की कई गिफ्ट शॉप पर उनके बनाए कैंडल आइटम उपलब्ध हैं।

डिजाइनर और खुशबूदार कैंडल की मांग लगातार बढ़ रही है। शादी-समारोह और विशेष अवसरों पर भी लोग सजावट और गिफ्ट के रूप में उनके कैंडल आइटम का उपयोग कर रहे हैं।

समान सोच ने दिलाई सफलता

देवरानी-जेठानी की यह जोड़ी अलग-अलग प्रदेशों से आने के बावजूद एक ही सोच के कारण सफल हो पाई। देवरानी ममता का गांव मक्कखनपुर-फिरोजाबाद है, जबकि जेठानी मोहिनी कानपुर की रहने वाली हैं। दोनों की शादी बुहाना में एक ही परिवार में हुई। नई जगह पर आने के बाद भी दोनों ने कुछ अलग करने की ठानी और मिलकर स्टार्टअप शुरू किया। समान सोच और परिवार के सहयोग ने उनके काम को मजबूती दी।

अनोखे डिजाइन ने जीता लोगों का दिल

दोनों ने कई तरह के आकर्षक डिजाइन तैयार किए हैं। इनमें रसमलाई कैंडल, पिलर वैक्स कैंडल, जेल कैंडल, टेडी जार कैंडल, मिनी जार कैंडल, स्वान सेट, बबल क्यू, ट्यूलिप कैंडल, डेजी कैंडल, बटरफ्लाई कैंडल, टी-लाइट कैंडल, आई-क्यू कैंडल और मिक्स जार कैंडल जैसे कई डिजाइन शामिल हैं। इन खुशबूदार और आकर्षक कैंडल आइटम को लोगों ने काफी सराहा है।

गर्मी में रखना पड़ता है खास ध्यान

कैंडल से बने आइटम गर्मी के मौसम में अधिक सावधानी मांगते हैं। अधिक तापमान में कैंडल पिघलने लगती हैं, इसलिए इन्हें सुरक्षित रखने के लिए एसी या ठंडी जगह पर रखना पड़ता है। इसके बावजूद ममता और मोहिनी अपनी मेहनत और नए प्रयोगों के दम पर स्टार्टअप को लगातार आगे बढ़ा रही हैं और क्षेत्र की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।