
Jhunjhunu news बिसाऊ. राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव सिरियासर खुर्द में जमीन विवाद को लेकर मारपीट व हत्या के प्रयास के मुख्य आरोपी को बिसाऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जयपुर के सांगानेर में छिपा हुआ था। थानाधिकारी कमलेश कुमार के अनुसार पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह, वृत्ताधिकारी झुंझुनूं रोहिताश के सुपर विजन में अनुसंधान प्रारंभ कर आरोपी जयराम को 20 मई को सांगानेर जयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी जयराम पुत्र चतरुराम जाट के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज है।
सात मई को किया था हमला
थानाधिकारी ने बताया कि सिरियासर निवासी सुमन पत्नी होशियार सिंह जाट Patwari Hoshiyar singh jhunjhunu ने ट्रॉमा सेंटर एसएमएस अस्पताल जयपुर में एक लिखित रिपोर्ट पेश कर बताया कि उसका पति पटवारी है। 7 मई 2023 को करीब 2 बजे मेरा पति होशियार सिंह हमारे गांव सिरियासर खुर्द में अपने खेत के अंदर काम कर रहा था। उसी समय देवर जयराम अपने 8 से 10 आदमियों को साथ लेकर एक पिकअप गाड़ी में सवार होकर आया। होशियार सिंह के पिकअप गाड़ी की टक्कर मार दी। इससे पैर टूट गया। फिर जयराम व उसके साथियों ने कुल्हाड़ी व सरियों से जान से मारने की नियत से वार किया। पति का सिर फूट गया। इसके बाद आरोपी भाग गए।