झुंझुनू

PM मोदी ने की झुंझुनूं की सुषमा की प्रशंसा, कहा- आप जुड़वां बच्चों को छोड़ तुर्की गईं, यह देश के लिए प्रेरणा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिले के सोलाना गांव निवासी सुषमा के सेवा कार्य की प्रशंसा की है। तुर्की में ऑपरेशन दोस्त में भूकम्प पीड़ितों की मदद करने के बाद भारत लौटी टीम से प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में मुलाकात की।
less than 1 minute read
• •
Updated: 22 Feb 2023, 10:09 AM IST
pm_modi_praise_jhunjhunu_sushma.jpg

झुंझुनूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिले के सोलाना गांव निवासी सुषमा के सेवा कार्य की प्रशंसा की है। तुर्की में ऑपरेशन दोस्त में भूकम्प पीड़ितों की मदद करने के बाद भारत लौटी टीम से प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में मुलाकात की। टीम में शामिल एनडीआरएफ की हेड कांस्टेबल सुषमा के लिए मोदी ने कहा कि आप तो अपने जुड़वां बच्चों को छोड़कर गई थीं। यह देश के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है, अब आप बच्चों से मिलना।

राजस्थान पत्रिका ने 13 फरवरी के अंक में 'दो बच्चों को दादी के पास छोड़ भूकम्प पीडि़तों की बचा रही जान' शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर बताया था कि सुषमा ने अपने दो वर्ष दो माह के दोनों जुड़वां बच्चों को दादा-दादी के पास छोड़कर खुद की जान की परवाह किए बिना तुर्की में भूकम्प पीडि़तों की मदद की। ग्रामीणों ने बताया कि सुषमा के गांव आने पर उसका सम्मान किया जाएगा।

महिला ने कहा, आप फरिश्ते हो
सुषमा ने राजस्थान पत्रिका को फोन पर बताया कि जब वह वतन लौटने लगी, तो तुर्की की एक महिला ने उसे दुलारा और कहा कि आप हमारे लिए फरिश्ते से कम नहीं हो। संकट में अपना देश छोड़कर हमें बचाने चली आई, हम और हमारी आने वाली पीढ़ी भारत और आपकी पूरी टीम का अहसान हमेशा याद रखेंगी। इतना कहते ही महिला की आंखें भर आईं।

एएनएम का कोर्स किया है सुषमा ने
हेड कांस्टेबल सुषमा ने एएनएम का कोर्स कर रखा है, वह तुर्की गई मेडिकल टीम में शामिल थी। कोरोना के दौरान भी उसने व एनडीआरएफ में निरीक्षक उसके पति जितेन्द्र झाझडिय़ा ने कई लोगों की जान बचाई थी।

Published on: