
Polling parties reached the booths
विधानसभा आम चुनाव के लिए गठित मतदान दलों एवं माइक्रो ऑब्जरवर्स की रवानगी शुक्रवार सुबह 7 बजे से जिला मुख्यालय स्थित मोतीलाल (पी. जी.) कॉलेज, झुंझुनूं से हुई। मतदान दलों में इस बार महिलाओं की संख्या भी खूब है। अनेक बूथों को पिंक बूथ घोषित किया गया है। जिले में कुल 1737 बूथों पर मतदान होगा। दोपहर को मतदान दल बूथों पर पहुंच गए। दूरी वाले सूरजगढ़, उदयपुरवाटी व खेतड़ी के मतदान दलों को सबसे पहले रवाना किया गया। झुंझुनूं के मतदान दलों को सबसे बाद में रवाना किया गया।
इस दौरान उनको अनेक निर्देश भी दिए गए। रवाना होने से पहले मतदान दलों के चेहरे पर खुशी नजर आई। किसी ने फोटो खिंचवाई तो किसी ने समूह में सेल्फी ली। मतदान दलों में नियुक्त अधिकारियों व कर्मचारियों में जोरदार उत्साह नजर आया।
जिला निर्वाचन अधिकारी बचनेश अग्रवाल ने इस संबंध में मोतीलाल पीजी कॉलेज में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान दलों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो। इस दौरान जिला परिषद सीईओ जवाहर चौधरी, एडीएम मुरारीलाल शर्मा, एएसपी गिरधारीलाल शर्मा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कहां कितने बूथ
पिलानी 235
सूरजगढ़ 289
झुंझुनूं 249
मण्डावा 256
नवलगढ़ 260
उदयपुरवाटी 232
खेतड़ी में 209
( पिलानी में 2, सूरजगढ़ में 4 तथा झुंझुनूं में 1 सहायक मतदान केन्द्र भी है।)