
पिलानी. थाना क्षेत्र के गांवों में भैंस चोरी की वारदाते रूकने के बजाय बढ़ रही हैं। भैंस चोरी की बढ़ती वारदातों से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को पिलानी थाने के आगे प्रदर्शन किया। भैंस चोरी से पीडि़त कई गांवों के लोग थाने पहुंचे तथा पुलिस पर शिथिलता का आरोप लगाया। बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने पर लोग शांत हुए। क्षेत्र के गांव रायला, बिशनपुरा, ढक्करवाला, झेरली, धूमणसर सहित आस पास के कई गांवों में पिछले कुछ दिनों से रात के समय भैंस चोरी हो रही है। गांवों से भैंसे चुराने की शंका के आधार पर मंगलवार को ग्रामीणों ने तीन वाहनों तथा तीन लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने उक्त लोगों को बिना उचित कार्रवाई के ही छोड़ दिया।
इसी बात से नाराज गांवों के लोग शुक्रवार की सुबह चिड़ावा पंचायत समिति उप प्रधान रणधीर सिंह बुडानियां के नेतृत्व में रायला, ढक्करवाला, खुडानिया, झेरली सहित आस पास के गांवों से ताराचंद बांगड़वा, सत्यवीर झाझडिय़ा,संदीप कुमार,हनुमानसिंह ढक्करवाल, हीरासिंह, हीरालाल नायक,रतन सिंह ढक्करवाल सहित करीब एक सौ लोग पिलानी थाने पहुंचे।
लोगों ने पुलिस अधिकारियों पर शिथिलता का आरोप लगाया तथा भैंस चोरी की रोक थाम की मांग की। बाद में थानाधिकारी मदन लाल ने लोगों को बताया कि पुलिस टीम भैंस चोरों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। उन्होने बताया कि पुलिस को लुहारू कस्बे में कुछ संदिग्ध लोगों की जानकारी मिली है। जिनसे करीब चालीस मोबाईल फोन जब्त किए है। उन्होने लोगों की मांग पर आगामी बुधवार तक आरोपितों को गिरफ्तार कर वारदातों का खुलासा करने का भरोसा दिया. जिस पर लोग शांत हुए।