झुंझुनूं के उदयपुरवाटी की घटना, श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली गिरी खाई में, हादसे में अब तक हुई 8 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि, हादसे में करीब दो दर्जन श्रद्धालु हुए है घायल
उदयपुरवाटी (झुंझुनूं ) . मनसा माता की पहाड़ी पर सोमवार शाम दर्दनाक हादसे में नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मरने वालों में सात महिलाएं और दो बच्चे हैं। हादसे में करीब 35 श्रद्धालु घायल हो गए। उनका झुंझुनूं, सीकर और जयपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी श्रद्धालु मंदिर में चल रहे यज्ञ के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। लौटते वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी पर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होते ही चालक कूद गया और अपनी जान बचाई। वहीं सभी घायलों को ग्रामीणों ने खाई से निकाला और एंबुलेंस की मदद से पौंख और उदयपुरवाटी के अस्पताल पहुंचाया। इनमें से पौंख में दो और उदयपुरवाटी में छह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पर सैनिक कल्याण राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा, जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, एसपी मृदुल कच्छावा व पालिका चेयरमैन रामनिवास सैनी सहित अन्य अधिकारी उदयपुरवाटी पहुंचे।
मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने 1-1 लाख की घोषणा
मनसा माता मंदिर पर मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा की ओर से यज्ञ का आयोजन करवाया गया है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने श्रद्धालु यहां पहुंचे थे। हादसे की सूचना मिलते ही मंत्री गुढ़ा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीएचसी उदयपुरवाटी और सीकर जाकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी। साथ ही गुढ़ा ने मृतकों के परिवार को एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि अपनी तरफ से देने की घोषणा की है।