4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हरियाणा की हाई-प्रोफाइल ठगी में झुंझुनूं ध्यान केंद्र पर ठगी का आरोप, ₹4700 करोड़ के झांसा देकर हड़पे करोड़ों रुपए

हरियाणा में दर्ज हाई-प्रोफाइल ठगी मामले ने झुंझुनूं के नरहड़ स्थित एक ध्यान केंद्र को लेकर सनसनी फैला दी है। आरोप है कि कपड़ा व्यापारी को 4700 करोड़ रुपए दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी की गई।
2 min read
Google source verification
Rajasthan Police Jeep

पुलिस जीप की प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Rajasthan Crime News: हरियाणा के नारनौल में दर्ज एक हाई-प्रोफाइल कथित ठगी के मामले में झुंझुनूं जिले के नरहड़ स्थित एक ध्यान केंद्र का नाम सामने आने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने भिवानी के एक कपड़ा व्यापारी को विशेष हवन के माध्यम से 4700 करोड़ रुपए दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी करने के आरोप में झुंझुनूं जिले के नरहड़ स्थित केयर ऑफ कॉस्मिक धाम ध्यान केंद्र के प्रबंधक सोनू समेत 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि पीड़ित से करीब 5 करोड़ रुपए, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी अलग-अलग बहानों से हड़प ली। पुलिस के अनुसार भिवानी के 49 पंचायत पॉकेट मार्केट निवासी कपड़ा व्यापारी की जून 2025 में शत्रुघ्न साहू से जान-पहचान हुई थी। इसके बाद उसकी मुलाकात आनंद स्वामी और डॉ. जाहिर अहमद से कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने खुद को प्रभावशाली और आध्यात्मिक शक्तियों से संपन्न बताते हुए व्यापारी का विश्वास जीत लिया।

फर्जी प्रशस्ति पत्र और जेड सुरक्षा के दस्तावेज दिखाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने व्यापारी को गृह मंत्रालय के कथित प्रशस्ति पत्र, जेड सुरक्षा से जुड़े फर्जी दस्तावेज और कई वीडियो दिखाए। इन दस्तावेजों और दावों के आधार पर उसे विश्वास दिलाया गया कि विशेष धार्मिक अनुष्ठान और हवन कराने से उसे 4700 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त होगी। इसी भरोसे में व्यापारी को लगातार विभिन्न अनुष्ठानों और पूजन सामग्री के नाम पर रकम खर्च करने के लिए प्रेरित किया गया।

विदेश से हवन सामग्री मंगाने के नाम पर करोड़ों की वसूली

मामले के अनुसार आरोपियों ने विदेश से विशेष हवन सामग्री मंगाने का हवाला देकर शिकायतकर्ता से करीब पांच करोड़ रुपए खर्च करा दिए। आरोप है कि इस दौरान सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी विभिन्न कारण बताकर ले ली गई। व्यापारी का कहना है कि उसे लगातार यह भरोसा दिलाया जाता रहा कि अनुष्ठान पूरा होने के बाद उसे हजारों करोड़ रुपए प्राप्त होंगे।

हिप्नोटाइज करके 27 लाख रुपए और लिए

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने कथित रूप से व्यापारी को हिप्नोटाइज करके दोबारा हवन कराने के नाम पर 27 लाख रुपए और ले लिए। इतना ही नहीं, विरोध करने पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस का प्रारंभिक मानना है कि आरोपियों ने कथित तौर पर एक संगठित गिरोह बना रखा था, जो फर्जी वीडियो, नकली सरकारी दस्तावेज और झूठे दावों के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाकर आर्थिक ठगी करता था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी प्रकार का शिकार बनाया है या नहीं।

गिरफ्तारी के प्रयास तेज

मामले की जांच कर रहे डीएसपी अनूप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

झुंझुनू

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग