झुंझुनू

विधानसभा चुनावों पर एक करोड़ 84 लाख का सट्टा पकड़ा

विधानसभा चुनावों के लिए करोड़ों रुपए की लगाई व खाईवाली का सट्टा करते एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
less than 1 minute read
Nov 24, 2018
Rajasthan Election 2018

मुकुंदगढ़। झुंझुनूं जिले के मुकुंदगढ़ कस्बे के मंडावा मोड़ तिराहे के पास शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विधानसभा चुनावों के लिए करोड़ों रुपए की लगाई व खाईवाली का सट्टा करते एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जबकि दूसरा आरोपित पूर्व सरपंच मौके से भाग छूटा।

थानाप्रभारी रामस्वरूप बराला ने बताया कि मुखबीर की सूचना पर एचसी पवन स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम मंडावा मोड़ तिराहे के पास पहुंची तो एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान व नोहरे के बाहर कुर्सी पर बैठकर मोबाइल पर बातें करते हुए घोड़ीवारा खुर्द का पूर्व सरपंच रघुवीर सिंह झूरिया चुनावों का सट्टा करते पाया गया।

वहीं उसके पास बैठा जयपुर के सीरसी रोड निवासी राकेश कुमार जाट मोबाइल पर हो रही वार्ता के मुताबिक डायरी में हिसाब लिख रहा था। पुलिस टीम को देखकर पूर्व सरपंच रघुवीर वहां से भाग गया। पुलिस ने दूसरे आरोपित जयपुर निवासी राकेश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित से हिसाब की डायरी व पेन बरामद कर लिया। डायरी में चुनावों पर एक करोड़ 84 लाख 35 हजार की लगाई व खाईवाली का हिसाब किताब लिखा पाया गया। इसके अलावा डायरी में सट्टा लगाने वालों के संक्षिप्त में नाम व सीटों की संख्या भी लिखी हुई मिली।

Published on:
24 Nov 2018 09:48 pm