
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के शुक्रवार शाम झुंझुनूं में सर्किट हाउस पहुंचने पर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सर्किट हाउस में कमरा नहीं खोले जाने पर सांसद बेनीवाल और वहां तैनात मैनेजर के बीच तीखी बहस हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूरा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार रहा। जब सांसद हनुमान बेनीवाल झुंझुनूं सर्किट हाउस पहुंचे, तो वहां तैनात मैनेजर ने आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए कमरा खोलने से मना कर दिया। मैनेजर का कहना था कि स्पष्ट निर्देशों के तहत आचार संहिता के दौरान विधायक या सांसद सर्किट हाउस में नहीं ठहर सकते।
इस पर सांसद बेनीवाल नाराज हो गए और उन्होंने मैनेजर के तर्क को खारिज करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि सर्किट हाउस में ठहर सकते हैं, केवल वहां किसी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि आचार संहिता ग्रामीण क्षेत्रों (पंचायत चुनाव) में लागू है, न कि शहरी क्षेत्र में।
मौके पर विवाद बढ़ता देख हनुमान बेनीवाल ने फोन पर जिला कलेक्टर से बातचीत की, जिसके बाद सर्किट हाउस का कमरा खोल दिया गया।
इस पूरे मामले पर झुंझुनूं के जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि चुनाव शहरी क्षेत्र में नहीं हो रहे हैं और यहां आचार संहिता लागू नहीं है। हालांकि, उन्होंने इस प्रकरण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी लेने की बात भी कही है।
कमरा खुलने और प्रेस वार्ता समाप्त करने के बाद जब सांसद हनुमान बेनीवाल सर्किट हाउस से रवाना हुए, तो वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने 'आरएलपी जिंदाबाद' और तेजाजी महाराज के जयकारे लगाए। इस पूरी घटना के दौरान मैनेजर और सांसद के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।