झुंझुनू

न्याय के देवता शनि ने बदली चाल, जानें कब तक रहेंगे, क्या हो सकता है असर

शनि अब जून 2027 तक इसी राशि में रहेंगे। इन दो वर्षों में उनकी हर चाल अलग-अलग राशियों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी।
2 min read
Nov 29, 2025
jhunjhunu news

न्याय के देवता शनि जुलाई 2025 से वक्री होकर लगभग 138 दिनों तक उल्टी चाल से चल रहे थे। अब 28 नवम्बर को सुबह 9:20 बजे शनि मार्गी हो गए हैं। वक्री अवधि आत्मविश्लेषण, पुराने कर्मों की परीक्षा और मानसिक दबाव का समय था। अब मार्गी होते ही कई राशि के जातकों के रुके कार्य आगे बढ़ेंगे, यात्राओं में अटके निर्णय स्पष्ट होंगे, आर्थिक हलचल तेज होगी और कॅरियर की रफ्तार बढ़ने की संभावना बढ़ेगी। पंडित दिनेश मिश्रा ने बताया कि शनि मार्गी होने का समय कर्म के अनुसार परिणाम देने का काल है। वक्री अवधि में जो सीख मिली, अब उसे लागू करने से जीवन में तेजी से सकारात्मक परिवर्तन होंगे। कर्मफल दाता शनि को नवग्रहों में सबसे कठोर और न्यायप्रिय ग्रह माना जाता है। शनि हर व्यक्ति को उसके कर्म के अनुसार ही फल देते हैं। इसी कारण उनकी चाल में होने वाला हर परिवर्तन चाहे गोचर हो, वक्री हो या मार्गी, शनि मानव जीवन के कारोबार, नौकरी, राजनीति और देश-दुनिया पर असर डालता है।

जानें कब तक रहेंगे

मिश्रा ने बताया कि इस समय शनिदेव गुरु की राशि मीन में चल रहे हैं। इसी राशि में वे वक्री से मार्गी होंगे, जिसे अत्यंत दुर्लभ और प्रभावशाली संयोग माना गया है। शनि अब जून 2027 तक इसी राशि में रहेंगे। इन दो वर्षों में उनकी हर चाल अलग-अलग राशियों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी। शनि अनुशासन और संरचना का ग्रह है। इससे लंबे समय से रुके वैज्ञानिक प्रोजेक्ट आगे बढ़ेंगे। एआई, अंतरिक्ष अनुसंधान, समुद्री विज्ञान और मेडिकल टेक्नोलॉजी में नई प्रगति, निवेश, विदेशी व्यापार और बाजारों की स्थिरता में सकारात्मक संकेत मिलेंगे। पानी, तेल, रसायन, दवा उद्योग में तेजी दिख सकती है। शांति वार्ता, सीमा विवाद, व्यापारिक समझौते फिर गति पकड़ सकते हैं।

12 राशियों के जातकों पर यह पड़ेगा असर

मेष - खर्च कम होंगे, विदेश यात्रा के योग बनेंगे।

वृषभ - आय बढ़ेगी, निवेश से लाभ संभव है।

मिथुन - नौकरी में स्थिरता, प्रमोशन के योग और पिता से संबंध सुधर सकते हैं।

कर्क भाग्य का साथ, धार्मिक रुचि और उच्च शिक्षा में सफलता मिलेगी।

सिंह - अचानक संकट कम होंगे, ससुराल पक्ष से तनाव घटेगा।

कन्या - दांपत्य व साझेदारी में सुधार, अविवाहितों के लिए रिश्ते आने के योग बनेंगे।

तुला - शत्रु व रोगों पर विजय, कोर्ट केस में सफलता की संभावना।

वृश्चिक - संतान से शुभ समाचार, पढ़ाई में मन लगेगा और प्रेम संबंध सुधरेंगे।

धनु - घर-परिवार में शांति, संपत्ति, वाहन संबंधी बाधाएं दूर होंगी।

मकर - साहस बढ़ेगा, प्रयास सफल होंगे और छोटे भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा।

कुंभ - धन में वृद्धि, परिवार में विवाद सुलझेंगे और साढ़ेसाती से राहत मिलेगी।

मीन - मानसिक तनाव कम, अनुशासन बढ़ेगा और स्वास्थ्य में सुधार संभव है।

Updated on:
29 Nov 2025 10:27 pm
Published on:
29 Nov 2025 10:27 pm