झुंझुनू

Jhunjhunu Crime: शाम को भैया और देवर नॉनवेज लेकर आए, सुबह अर्धनग्न हालत में मिला महिला का शव

Jhunjhunu Murder Case: सुबह तक कमला की आवाज नहीं आई तो मकान मालिक सज्जन ने अपने पोते को भेजा। वह उठाने गया तो कमला का शव घर के हॉल में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला।

2 min read
Nov 03, 2024
Jhunjhunu Murder Case
मृतका कमला

झुंझुनूं। शहर के रीको क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली एक महिला की चाकू से वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। महिला का शव घर के हॉल में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला है। महिला के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को मौके पर नॉनवेज के डिब्बे भी मिले हैं। एएसपी देवेंद्रसिंह राजावत ने बताया कि मृतका कमला (36) पुत्री हरिराम नायक वार्ड नंबर पांच झुंझुनूं की रहने वाली थी।

मृतका अकेली ही किराए पर रह रही थी। मौके पर डॉग स्वायड, एफएसएल व एमआइयू टीम को बुलाकर जांच की जा रही है। महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं और मौके पर खून लगा एक चाकू भी पाया गया है। प्रथम दृष्टया हत्या मानकर जांच की जा रही है। संभवतया महिला की हत्या को शुक्रवार रात को अंजाम दिया गया है।

सुबह 11 बजे तक नहीं उठी तो मकान मालिक ने पोते को जगाने भेजा

मकान मालिक सज्जन ने बताया कि शनिवार सुबह 11 बजे तक कमला की आवाज नहीं आई तो उसने अपने पोते को भेजा। वह उठाने गया तो कमला की हॉल में लाश पड़ी थी। इसके बाद उसने नीचे आकर बताया और फिर पुलिस को कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। महिला के पास शुक्रवार दोपहर 12 के आस-पास एक युवक आया था। इसके बाद शाम को 2 लड़के भी शाम को आए थे। पूछने पर उसने कहा था कि उसके भैया व देवर है। ये लोग होटल से नॉनवेज लेकर आए। लेकिन वापस कितने बजे गए, इसकी जानकारी नहीं है।

विधवा बताकर लिया था किराए पर कमरा

मृतका कमला ने 18 अक्टूबर को रीको में मकान किराए पर लिया था। उसने मकान मालिक को विधवा बताकर मकान किराए पर लिया। साथ में एक व्यक्ति को लेकर आई। जिसे अंकल बता रही थी। उसने यह भी बताया कि वह फाइनेंस कंपनी में काम करती है। उसके पिता और पति की मौत हो चुकी है। मां और भाई बहन के साथ रहती थी, जिन्होंने मारपीट कर घर से निकाल दिया।

पांच साल पहले राजगढ़ में हुई थी शादी

मृतक कमला की पांच साल पहले राजगढ़ (चूरू) में शादी हुई थी। उसने पति को छोड़ दिया। इसके बाद वह अकेले ही रह रही थी। परिजन को यह भी पता नहीं था कि वह किराए पर रह रही थी। वह कभी-कभी ही घर पर आती थी।