जींद

सैनी और मलिक के बीच बढती जा रही कड़वाहट! जानिए क्या है मामला?

अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति और भाजपा सांसद राजकुमार सैनी के लोकतंत्र सुरक्षा मंच के बीच की तकरार बढती नजर आ रही है...
2 min read
• •
Updated: 12 Jun 2018, 12:58 PM IST
yashpal malik and bjp mp rajkumar saini
yashpal malik and bjp mp rajkumar saini

राजेंद्र सिंह जादौन की रिपोर्ट...

(हरियाणा): अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति और भाजपा सांसद राजकुमार सैनी के लोकतंत्र सुरक्षा मंच के बीच की तकरार बढती नजर आ रही है। सोमवार को आरक्षण मंच के अध्यक्ष यशपाल मलिक ने सैनी को लेकर एक विवादस्पद बयान दिया और इस संगठन के विरोध के चलते प्रशासन की ओर से सैनी को मोखरा गांव में सभा करने की अनुमति नहीं दी गई।

यह बोले मलिक

अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष यशपाल मलिक ने सोमवार को रोहतक में कहा कि भाजपा कुरूक्षेत्र के अपने सांसद राजकुमार सैनी को शिखंडी की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि सैनी की ओट से भाजपा जाट समुदाय पर वार कर रही है।

रोहतक में संघर्ष समिति की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गांवों या शहरों में जहां भी सैनी की सभाओं का आयोजन किया जा रहा है वह भाजपा के कार्यकर्ता ही करवा रहे है। मलिक ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में 16 अगस्त से हरियाणा सरकार के खिलाफ शुरू किए जाने वाले आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया है। आंदोलन के तहत मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यक्रमों का विरोध किया जाएगा। आगामी 17जून से हरियाणा में जिला सम्मेलन आयोजित किए जायेंगे जिनमें समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही उत्तर प्रदेश,राजस्थान व दिल्ली में भी आंदोलन शुरू किया जाएगा।


राजकुमार सैनी को नहीं मिली सभा करने की अनुमति

इधर सोमवार को कुरूक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी की मोखरा गांव में सभा नहीं हो पाई। प्रशासन ने जाट आरक्षण संघर्ष समिति के कडे विरोध को देखते हुए सांसद सैनी को गांव के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी। आरक्षण के प्रतिशत को लेकर सैनी का लोकतंत्र सुरक्षा मंच और जाट आरक्षण संघर्ष समिति वर्ष 2016 से ही आमने-सामने हैं। सैनी जाट समुदाय और पिछडा वर्ग के बीच आरक्षण के बंटवारे को न्यायसम्मत बनाने की मांग कर रहे हैं। इसलिए जाट आरक्षण संघर्ष समिति हरियाणा में जगह-जगह होने वाली उनकी सभाओं का विरोध कर रही है। इसी सिलसिले में सोमवार को मोखरा की सभा का विरोध भी किया गया। इसके चलते प्रशासन ने सभा आयोजन की अनुमति नहीं दी।


सभा आयोजन की अनुमति न मिलने और मोखरा गांव में प्रवेश से रोके जाने पर सभा आयोजकों ने गांव के बाहर ही सांसद सैनी से मुलाकात की। सांसद सैनी ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि वे तो सरकार का हिस्सा हैं लेकिन उन्हें भी रोका जा रहा है। रोका तो उन्हें जाना चाहिए जो कि समस्या खड़ी कर रहे हैं। सभा करना तो लोकतात्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि वे किसी जाति के विरोध में नहीं हैं। वे आरक्षण को न्यायसम्मत बनाने की मांग कर रहे हैं।

Published on: