
बालोतरा जिले के बोरावास-कलावा में दूसरे चरण के तहत 311.28 एकड़ क्षेत्र में 434.15 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके विकसित होने पर उद्यमियों को सड़क, बिजली, पानी और भंडारण जैसी जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। साथ ही निवेश और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रीको की ओर से प्रस्तुत प्रस्ताव के अनुसार, बोरावास-कलावा में औद्योगिक पार्क के दूसरे चरण में 311.28 एकड़ क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इस पर 434.15 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। पचपदरा रिफाइनरी के समीप प्रस्तावित यह पार्क जिले में औद्योगिक निवेश के लिए नया आधार तैयार कर सकता है। वहीं बूंदी जिले में लाखेरी के समीप खरायता में 370.05 एकड़ क्षेत्र में 468.49 करोड़ रुपए की लागत से दूसरा औद्योगिक पार्क प्रस्तावित है। दोनों पार्कों का कुल क्षेत्रफल 681.33 एकड़ और अनुमानित लागत 902.64 करोड़ रुपए है।
रीको के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला ने बताया कि प्रस्तावित पार्कों में सड़क, बिजली, पानी और भंडारण जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा 'प्लग एंड प्ले' व्यवस्था के तहत उद्योग शुरू करने के लिए तैयार आधारभूत सुविधाएं, श्रमिक आवास और हरित क्षेत्र विकसित करने का भी प्रस्ताव है। इससे उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया आसान होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।
केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) की भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत देशभर में 100 आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य है। योजना में राज्य सरकार अथवा अधिकृत संस्था की ओर से विकसित पार्कों के लिए प्रति एकड़ अधिकतम एक करोड़ रुपए तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। चयनित पार्कों को अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद दो वर्ष में विकसित किया जाना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में राज्य स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने बूंदी और बालोतरा के प्रस्तावों की आर्थिक व्यवहार्यता का समुचित आकलन कर 30 नवंबर तक केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य तथा राजस्व एवं उपनिवेशन विभागों के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख शासन सचिव हेमंत कुमार गेरा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।