पिछले साल जहां एक बीघा में 5 से 7 क्विंटल मूंगफली का उत्पादन हुआ था, वहीं इस बार एक क्विंटल भी नहीं हुआ। भारतीय किसान संघ अध्यक्ष मेघराज बरड़ मोरिया ने बताया कि मूंगफली की बुवाई से कटाई तक एक बीघा में 15 से 20 हजार रुपए खर्च होते हैं। इसमें बीज, जुताई, खाद, निराई-गुड़ाई, मजदूरी और ट्रैक्टर का खर्च शामिल है। किसानों ने कर्ज लेकर बुवाई की थी, लेकिन फसल खराब होने से अब कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो गया है। किसानों ने बताया कि बुवाई के समय अच्छी बारिश होने से फसल की उम्मीद जगी थी, लेकिन इसके बाद मानसून ने पूरी तरह मुंह मोड़ लिया। मूंगफली को जब पानी की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब बारिश नहीं हुई। ट्यूबवेल और कुओं का जलस्तर भी नीचे चला गया। सिंचाई की सुविधा वाले किसानों ने फसल बचाने का प्रयास किया, लेकिन बिजली कटौती और महंगे डीजल के कारण उन्हें भी सफलता नहीं मिली।