Rajasthan : जोधपुर. राजस्व लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों से जवाब मांगने की परिवहन मुख्यालय की जल्दबाजी विभाग पर ही भारी पड़ गई। अधिकारियों की मौजूदा पदस्थापना और सेवा संबंधी रिकॉर्ड की जांच किए बिना नोटिस जारी कर दिए गए। जोधपुर में दस महीने पहले स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले चुकीं पूर्व आरटीओ आकांक्षा बैरवा को जवाब देने का नोटिस थमा दिया गया, वहीं बालोतरा के जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) भगवानाराम गहलोत को प्रादेशिक परिवहन अधिकारी (आरटीओ) दर्शा दिया गया। अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासनिक) ओपी बुनकर ने 18 नवंबर को ये पत्र विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे थे, लेकिन त्रुटियां सामने आने के बाद इन्हें हटा दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच इसकी खासी चर्चा है।