25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jodhpur / फलोदी में कांग्रेस की यशवंत कंवर बनी जिला प्रमुख, 19 मतों से बीजेपी प्रत्याशी सरिता भादू को हराया

फलोदी में कांग्रेस की यशवंत कंवर बनी जिला प्रमुख, 19 मतों से बीजेपी प्रत्याशी सरिता भादू को हराया

फलोदी को पहली जिला प्रमुख मिल गई हैं। जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस की यशवंत कंवर ने भाजपा की सरिता भादू को 19 वोटों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यशवंत कंवर को 21 और सरिता भादू को महज 2 वोट मिले।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जोधपुर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 25 Nov 2026, 4:15 PM IST

Phalodi Zila Pramukh

Phalodi Zila Pramukh: फलोदी की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख यशवंत कंवर (फोटो-पत्रिका)

फलोदी। नवगठित फलोदी जिले में पहली बार हुए जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस की प्रत्याशी यशवंत कंवर फलोदी की पहली जिला प्रमुख चुनी गई हैं। उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी सरिता भादू को 19 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। जिला प्रमुख के चुनाव में यशवंत कंवर को कुल 21 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी सरिता भादू को महज 2 वोट ही हासिल हुए। इस जीत के साथ ही फलोदी जिला परिषद की कमान अगले पांच साल के लिए कांग्रेस के हाथों में आ गई है।

फलोदी जिला परिषद के चुनाव परिणाम में भी कांग्रेस का दबदबा देखने को मिला था। कुल 23 सीटों में से कांग्रेस ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को केवल 2 सीटें मिली थीं। जिला प्रमुख के चुनाव में भी यही संख्या बल नजर आया। कांग्रेस के सभी 21 सदस्यों ने यशवंत कंवर के पक्ष में मतदान किया, जबकि भाजपा की सरिता भादू को पार्टी के दो सदस्यों के वोट मिले। इस तरह कांग्रेस ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।

कौन हैं फलोदी की पहली जिला प्रमुख यशवंत कंवर?

कांग्रेस की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख यशवंत कंवर वार्ड संख्या 22 से जिला परिषद सदस्य चुनी गई हैं। उनकी उम्र 36 साल है और उन्होंने स्नातक तक शिक्षा प्राप्त की है। यशवंत कंवर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुंभ सिंह पातावत की पुत्रवधू हैं। चुनावी हलफनामे में उनकी कुल संपत्ति 23 लाख 58 हजार रुपए बताई गई है। अब वे फलोदी जिले की जिला परिषद की पहली प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगी।

भाजपा की सरिता भादू को मिली हार

भाजपा ने जिला प्रमुख पद के लिए वार्ड संख्या 4 से निर्वाचित सरिता भादू को प्रत्याशी बनाया था। 26 वर्षीय सरिता भादू 12वीं पास हैं। वे भाजपा के वरिष्ठ नेता रामनिवास भादू की पुत्रवधू हैं। क्षेत्र में समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने वाली सरिता भादू को पार्टी ने जिला प्रमुख पद के चुनाव में उतारा था। हालांकि जिला परिषद में भाजपा के पास केवल दो सदस्य होने के कारण उनका मुकाबला पहले से चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था।

नए जिले की कमान संभालेंगी यशवंत कंवर

फलोदी के जिला प्रमुख चुनाव का यह परिणाम जिले की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है। नए जिले में पहली बार जिला परिषद का गठन होने के बाद अब पहली जिला प्रमुख के रूप में यशवंत कंवर जिले की कमान संभालेंगी। कांग्रेस ने जिला परिषद की 23 में से 21 सीटें जीतकर पहले ही अपना दबदबा साबित कर दिया था। अब जिला प्रमुख के चुनाव में भी 21-2 के नतीजे ने भाजपा के मुकाबले कांग्रेस की मजबूत स्थिति पर मुहर लगा दी है।