25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Udaipur / उदयपुर जिला प्रमुख को लेकर वोटिंग शुरू, हिम्मतसिंह झाला और लालसिंह झाला के बीच मुकाबला, क्रॉस वोटिंग की आशंका

उदयपुर जिला प्रमुख को लेकर वोटिंग शुरू, हिम्मतसिंह झाला और लालसिंह झाला के बीच मुकाबला, क्रॉस वोटिंग की आशंका

उदयपुर जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। भाजपा के पास 24 सदस्य हैं, जबकि कांग्रेस के 22 सदस्यों के साथ बीएपी का एक सदस्य होने का दावा है। भाजपा ने हिम्मतसिंह झाला तो कांग्रेस ने लालसिंह झाला को मैदान में उतारा है। सबकी नजरें क्रॉस वोटिंग और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उदयपुर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 25 Nov 2026, 3:58 PM IST

Udaipur Zila Pramukh Election

Udaipur Zila Pramukh Election: पीले कुर्ते में बीजेपी प्रत्याशी हिम्मतसिंह झाला और सफेत शर्ट में कांग्रेस प्रत्याशी लालसिंह झाला (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। उदयपुर जिला परिषद में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी मुकाबला रोचक हो गया है। बुधवार दोपहर 3 बजे जिला प्रमुख पद के लिए मतदान शुरू हो गया। भाजपा ने हिम्मतसिंह झाला को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने लालसिंह झाला पर दांव खेला है। खास बात यह है कि दोनों ही प्रत्याशियों के नाम में झाला है और अब जिला परिषद की कमान किसके हाथ में जाएगी, इसका फैसला कुछ ही देर में हो जाएगा।

जिला परिषद सभागार में मतदान की प्रक्रिया चल रही है। कांग्रेस प्रत्याशी लालसिंह झाला सबसे पहले अपने समर्थक सदस्यों के साथ पहुंचे और उन्होंने स्वयं भी मतदान किया। इसके बाद कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य एक-एक कर वोट डालने पहुंचे। दूसरी ओर भाजपा ने भी अपने सदस्यों को बस में एक साथ जिला परिषद पहुंचाया। भाजपा प्रत्याशी हिम्मतसिंह झाला भी सदस्यों के साथ बस में मौजूद थे।

47 सीटों में भाजपा के पास 24, कांग्रेस के 22 सदस्य

उदयपुर जिला परिषद में कुल 47 वार्ड हैं। 20 नवंबर को घोषित चुनाव परिणाम में भाजपा ने 24 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 22 सीटें मिलीं। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने एक वार्ड में जीत हासिल की। इस लिहाज से भाजपा के पास बहुमत के लिए जरूरी 24 सदस्यों का आंकड़ा मौजूद है। वहीं कांग्रेस को बीएपी के एक सदस्य का समर्थन मिलने की उम्मीद है। हालांकि कांग्रेस को जीत के लिए एक और वोट की जरूरत होगी। ऐसे में जिला प्रमुख चुनाव में क्रॉस वोटिंग की संभावना ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

बीजेपी के पक्ष में क्रास वोटिंग का दावा

कांग्रेस नेता रघुवीर मीणा ने कहा कि पार्टी तोड़फोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं करती। उदयपुर में कांग्रेस के 22 सदस्य हैं और बीएपी का एक सदस्य उनके साथ है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस चुनाव जीतेगी। वहीं भाजपा के प्रभारी नाहर सिंह जोधा ने दावा किया कि क्रॉस वोटिंग हुई तो वह भाजपा के पक्ष में होगी। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने भी जिला प्रमुख भाजपा का ही बनने का दावा किया।

दोनों प्रत्याशियों का राजनीतिक सफर

भाजपा प्रत्याशी हिम्मतसिंह झाला वार्ड 37 से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। 42 वर्षीय झाला एमए तक शिक्षित हैं। वे वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी 65 वर्षीय लालसिंह झाला वार्ड 2 से जिला परिषद सदस्य चुने गए हैं। वे 12वीं तक शिक्षित हैं। गोगुंदा में प्रधान रहने के साथ उदयपुर देहात कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। मावली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने उन्हें टिकट दिया था, लेकिन बाद में टिकट रद्द कर दिया गया था।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, नेताओं की निगरानी

चुनाव को देखते हुए जिला परिषद सभागार और आसपास के क्षेत्र में पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है। देहलीगेट से कोर्ट चौराहा रोड पर भी पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेता लगातार चुनावी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। अब मतदान पूरा होने और मतगणना के बाद उदयपुर को नया जिला प्रमुख मिल जाएगा।