- हेलमेट न पहना होने पर रोककर पांच हजार रुपए मांगने का मामला, प्राथमिकी जांच के आदेश
जोधपुर.
रातानाडा थानान्तर्गत लोको रोड पर बिना हेलमेट मोपेड सवार युवती को मोटरसाइकिल आड़े लगाकर रोकने और कथित रूप से पांच हजार रुपए मांगने के आरोपी एएसआइ अमित मीणा को निलम्बित कर दिया गया। उधर, आरोपी को गुरुवार को जमानत पर छोड़ा गया।
थानाधिकारी प्रदीप डांगा ने बताया कि प्रकरण में एएसआइ अमित कुमार मीणा को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। युवती की ओर से अवैध वसूली व सरकारी बाइक से युवती की मोपेड को टक्कर मारने का मामला दर्ज किया गया है। एएसआइ को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जमानत पर छोड़ने के आदेश दिए गए। एफआइआर के संबंध में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
उधर, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय व यातायात शरद चौधरी ने एएसआइ अमित कुमार मीणा को निलम्बित कर दिया। इससे पहले उसे यातायात शाखा से लाइन हाजिर किया गया था। प्रकरण में उसकी भूमिका के संबंध में प्राथमिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि एएसआइ अमित कुमार मीणा दो-तीन साल पहले सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लग गया।