
जोधपुर . सदर कोतवाली थानान्तर्गत विजय चौक में किसान छात्रावास के सामने स्थित मकान में गुरुवार सुबह चार युवकों ने सत्तर वर्षीय बाबू पहलवान का तकिए से मुंह दबाया, गमछे से न सिर्फ गला घोंटा, बल्कि ब्लेड से गला भी रेत दिया। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में सिर्फ पन्द्रह से बीस मिनट में वारदात को अंजाम देकर चारों हत्यारे भाग निकले। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या का उद्देश्य लूट या सम्पत्ति हथियाना नहीं है। हत्यारे कोई जानकार हो सकते हैं। डॉग स्क्वॉयड की मदद से हत्यारों की तलाश की जा रही है। मृतक बाबू पहलवान भी करीब तीस-पैंतीस साल पहले एक कुख्यात बदमाश की हत्या के आरोप में जेल में बंद रहा था।
पुलिस के अनुसार किसान छात्रावास के सामने निवासी बाबूलाल उर्फ बाबू पहलवान (७०) पुत्र पन्नालाल वैष्णव की हत्या की गई है। सुबह करीब ग्यारह बजे उसकी परिचारिका घर पहुंची तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। युवती ने बाबू को मोबाइल पर रिंग किया, लेकिन जवाब नहीं आया। तभी अंदर से एक युवक ने युवती से कहा कि अंदर पूजा हो रही है। कुछ देर बाद चार युवक बाहर आए। इसके बाद युवती अंदर पहुंची तो सबसे पीछे स्थित कमरे में व्हील चेयर पर बाबू का गला रेता हुआ था। गले में कसकर गमछा बंधा हुआ था।
युवती ने घर में साफ-सफाई व खाना बनाने वाली नौकरानी कमला को फोन किया और चिल्लाते हुए बाहर आई और आस-पास के लोगों को सूचना दी। कुछ देर बाद नागौरी गेट थानाधिकारी लूणसिंह, सदर कोतवाली थानाधिकारी इन्द्रसिंह व एसीपी विक्रमसिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ. अमनदीपसिंह कपूर ने भी आकर जांच की। मृतक के भाई लालसागर निवासी पुरुषोत्तम वैष्णव ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
अकेला रहता था बाबू
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मृतक के दो पुत्र नरेश व हितेश और एक पुत्री टीना है। बड़ा पुत्र नरेश ऑस्ट्रेलिया व छोटा पुत्र हितेश दिल्ली और पुत्री टीना मुम्बई में रहते हैं। पुत्री पिछले एक माह से जोधपुर में ही थी। पत्नी ने बाबू को कुछ वर्ष पहले तलाक दे दिया था। हत्या के समय पुत्री मां के यहां थी। डेढ़ महीने पहले पांव में फ्रैक्चर होने से वह व्हील चेयर पर ही घर में घूमता था।
लूट का मकसद नहीं, शव के पास मिले २६ हजार
मृतक के पास टेबल पर २६ हजार रुपए रखे मिले। हत्यारों के आलमारियों को छूने के निशान भी नहीं मिले हैं। डेढ़ से दो घंटे तक मुआयना करने के बाद डीसीपी डॉ. कपूर का कहना है कि लूट या सम्पत्ति के विवाद में हत्या नहीं की गई है। हत्यारे मृतक परिवार के जानकार हो सकते हैं।
१५-२० मिनट में वारदात कर निकले चारों युवक
कोतवाली थानाधिकारी इन्द्रसिंह का कहना है कि पीछे ही रहने वाली कमला साफ-सफाई व खाना बनाने के बाद बाबू को चाय पिलाकर सुबह १०.५० बजे निकली थी। इसके बाद ११.१० बजे सेवा करने वाली युवती घर आई तो मुख्य द्वार अंदर से बंद था। हत्या करने के बाद लॉबी के गेट पर ताला लगा चारों युवक उस युवती के सामने से निकल भागे। वे चाबी भी साथ ले गए। युवती एक भी हत्यारे को पहचान नहीं पाई।