
जोधपुर। शहर के उदय मंदिर आसन क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पहाड़ी से बड़ा पत्थर मकान पर आ गिरा। इससे मकान की छीने नीचे गिर गई। हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। इस दौरान पास के एक मकान भी छीने क्षति ग्रस्त हो गई। मकान में सोने वाले सभी सदस्य सुरक्षित हैं। उन्हें मदरसे में ठहराया गया है। देर रात तक पुलिस प्रशासन मौके पर था। पत्थर गिरने के कारण का पता नहीं चला है।
पुलिस के अनुसार रात करीब 12.30 बजे पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर महबूब, सलीम व सत्तार बाबू के मकान पर गिरा। धमाके के साथ वजनी पत्थर गिरने से अफरातफरी मच गई। पत्थर गिरने की आवाज सुन मोहल्ले के लोग वहां एकत्र हो गए। घटना में मकान पूरी तरह क्षति ग्रस्त हो गया। लोगों ने मकान में मौजूद परिवार के सभी सदस्यों को सकुशल बाहर निकाल लिया। अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार के लोग बुरी तरह घबरा गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई।
गैस सिलेंडर में रिसाव
मकान में रखे रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव हो रहा था। इस सिलेंडर को मकान के मलबे से निकालने के प्रयास शुरू किए गए। सूचना पर नागौरी गेट थाना अधिकारी लूणसिंह भी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल पर मौजूद लोग मालिक का शुक्रिया अदा करते दिखे कि मकान को भले ही भारी नुकसान पहुंचा, लेकिन गनीमत रही कि किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। हालांकि मकान की दीवार गिरने व छत की पट्टियां टूटने से घर का सामान भी उसमें दब गया।
परिवार को मदरसे में ठहराया
पत्थर गिरने की इस घटना में अपना घर खो चुके परिवार के सभी सदस्यों को पास के निकट ही एक मदरसे में ठहराया गया है। सर्द रात में रात गुजारने के लिए वहां उनके लिए बिस्तर आदि की व्यवस्था की गई।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
पहाड़ी की तलहटी और ऊपर तक मकान बने हुए हैं। वहां पहले भी पहाड़ी के पत्थर मकानों पर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा शहर की मसूरिया पहाड़ी से भी चट्टान खिसकने की घटना हो चुकी है।