जोधपुर

Rajasthan Sarpanch Election: राजस्थान का सबसे ‘हॉट’ सरपंच चुनाव, मतपत्र चोरी और बवाल के बाद पुनर्मतदान, सोवनी देवी की शानदार जीत

Bilara Bhavi Gram Panchayat Results: बिलाड़ा की भावी ग्राम पंचायत चुनाव का रोमांचक परिणाम। मतपत्र चोरी और बवाल के बाद पुनर्मतदान में सोवनी ने 1755 मतों से दर्ज की ऐतिहासिक जीत, अमराराम सोहू निर्विरोध उपसरपंच चुने गए।
3 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 9:26 AM IST
Bilara Bhavi Gram Panchayat Election Sovani Wins Sarpanch Amraram Sohu Up-Sarpanch
नवनिर्वाचित सरपंच सोवना देवी, जीत का जश्न मनाते समर्थक

प्रदेशभर में सियासी गलियारों और मीडिया की सुर्खियों में रही जोधपुर के बिलाड़ा उपखंड की भावी ग्राम पंचायत के चुनाव का रोमांचक अध्याय आखिरकार पूरा हो गया है। मतपत्र चोरी, पथराव और भारी हंगामे के बाद हुए पुनर्मतदान में सरपंच प्रत्याशी सोवनी ने 1,755 मतों के भारी अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है और दूसरी बार सरपंच बनने का गौरव हासिल किया है। नव निर्वाचित सरपंच सोवनी जेएनवीयू के पूर्व अध्यक्ष सुनील चौधरी के मां हैं। मंगलवार को हुई आगे की प्रक्रिया में अमराराम सोहू को निर्विरोध उपसरपंच चुन लिया गया है। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने और गांव में हालात सामान्य होने के बाद प्रशासन ने वहां तैनात अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी हटा लिया है।

क्या था पूरा विवाद और बवाल?

30 अक्टूबर को मतदान के दौरान बूथ संख्या 12 से लगभग 150 मतपत्र चोरी होने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद गांव में भारी तनाव फैल गया था। इसके विरोध में 31 अक्टूबर को छात्र नेता सुनील चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने बिलाड़ा थाने का घेराव किया था। इस प्रदर्शन के दौरान पथराव, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए थे, जिसमें कई ग्रामीण और पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। अब पुनर्मतदान और नई सरकार के गठन के बाद गांव में शांति और राहत का माहौल है।

पहले ही राउंड में तय हो गई थी तस्वीर

मतदान केंद्रों के बूथवार और राउंडवार आंकड़े दिलचस्प रहे हैं। कुल सात मतदान केंद्रों में से छह पर सोवनी ने जबरदस्त बढ़त बनाई। पहले राउंड में बूथ संख्या 9 और 10 की मतगणना में सोवनी को 1,344 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी ममता को महज 200 वोट हासिल हुए। यहीं से सोवनी ने 1,144 मतों की ऐसी निर्णायक बढ़त बना ली, जिसे ममता अंतिम राउंड तक पाट नहीं पाईं।

अंतिम मतगणना में सोवनी को कुल 3,458 और ममता को 1,703 वोट मिले। सबसे रोचक तथ्य यह रहा कि ममता को जितने कुल वोट मिले, सोवनी की जीत का अंतर (1,755) उससे भी 52 वोट अधिक था। सोवनी को ममता के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा वोट मिले।

केवल बूथ संख्या 12 पर ममता (400 वोट) ने सोवनी (310 वोट) के मुकाबले 90 मतों की बढ़त बनाई, जबकि बूथ संख्या 14 पर कांटे की टक्कर रही, जहां सोवनी महज 6 वोटों (350 बनाम 344) से आगे रहीं।

सांसद तक उतरे से प्रचार अभियान में

सरपंच प्रत्याशी ममता के समर्थन में पाली सांसद पीपी चौधरी भी मैदान में उतरे थे और घर-घर जाकर प्रचार किया था। इसके बावजूद भावी की जनता ने सोवनी देवी के पक्ष में मुहर लगाई।

जीत के बाद जश्न का माहौल


अब लोकसभा चुनाव में भी देंगे जवाब: सरपंच पुत्र सुनील चौधरी

चुनाव नतीजे में जीत के बाद सरपंच सोवनी के पुत्र और जेएनवीयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सुनील चौधरी ने कहा कि जनता जनार्दन ने इतिहास रच दिया। मेरी माताजी सोवनी देवी को सरपंच पद पर ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए धन्यवाद। उन्होंने कहा कि पाली सांसद पीपी चौधरी ने सरकारी तंत्र, मशीनरी, धनबल सारे हथकंडे अपना लिए थे। हमें बदनाम करने और मतदान को प्रभावित करने की कोशिश भी हुई थी। लेकिन भावी ग्राम वासियों के हौसले, जोश, जिद और जूनून को नहीं तोड़ पाए। सांसद साहब को एक बार फिर उल्टे मुंह की खानी पड़ी। सांसद साहब ने खूब कोशिश की फर्जी मतदान, मतदान स्थगित, दुबारा मतदान को आगे करवाने की नाकाम कोशिशें, ग्राम वासियों को डराना, धमकाना, सरकार का रोब दिखाना। पूरे गांव की जनभावना को कठघरे में खड़ा कर दिया। लेकिन कहते है “ जाको राखे साइयां मार सके ना कोय”। और हम तो सांसद साहब को कहना चाहते है कि ये लड़ाई अभी तक ख़त्म नहीं हुई है, जनता ने ठान लिया है कि इसका जवाब लोकसभा चुनाव में देगी।

परिवार का राजनीतिक अनुभव और उपसरपंच का चुनाव

सोवनी इससे पहले भी भावी ग्राम पंचायत की सरपंच रह चुकी हैं और वर्तमान में बिलाड़ा पंचायत समिति की सदस्य भी हैं। उनके पति पूनाराम भी पूर्व में भावी के सरपंच रहे हैं। परिवार के इसी लंबे राजनीतिक अनुभव ने उनकी राह आसान की।

अमराराम सोहू निर्विरोध उपसरपंच

मंगलवार को उपसरपंच पद के लिए केवल एक ही नामांकन दाखिल होने के कारण अमराराम सोहू को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया और उन्हें प्रमाण पत्र के साथ शपथ दिलाई गई। पंचायत के कुल 19 वार्डों में से 8 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ था, जबकि 11 पर मतदान संपन्न हुआ।

Updated on:
17 Nov 2026, 9:26 AM IST
Published on: