जोधपुर

Rajasthan Assembly Election 2023: परिवर्तन यात्रा का आगाज आज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे शुभारंभ

इस अवसर पर आयोजित होने वाली आम सभा की तैयारियों को लेकर पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। संभाग के जिला अध्यक्षों एंव पदाधिकारियों को टारगेट दिए गए हैं।

2 min read
Sep 04, 2023

पोकरण/ जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी की पश्चिमी राजस्थान और जोधपुर संभाग में परिवर्तन यात्रा का तीसरा चरण रामदेवरा से सोमवार को शुरू होगा। इसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वे आमसभा से पहले रामदेवरा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद परिवर्तन संकल्प यात्रा आरंभ होगी। इस दौरान राजस्थान चुनाव प्रभारी व केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी, सह प्रभारी विजया रहाटकर सहित कई बडे नेता परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल होंगे।

पदाधिकारियों को दिए टारगेट
इस अवसर पर आयोजित होने वाली आम सभा की तैयारियों को लेकर पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। संभाग के जिला अध्यक्षों एंव पदाधिकारियों को टारगेट दिए गए हैं। स्थानीय नेताओं के साथ ही यात्रा संयोजक राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, पोकरण प्रभारी शिव सोनी सुबह से ही सभा स्थल पर नजर आए। परिवर्तन यात्रा में शामिल होने के लिए आने वाले नेताओं के लिए रामदेवरा और पोकरण में होटलें बुक करवाई गई है। इसके चलते यहां की सभी होटलों में दो दिन तक नो रूम जैसी स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सभी 20-25 होटलें दो दिन तक बुक रहेगी।

सभा स्थल का लिया जायजा
आमसभा की तैयारियों की व्यवस्थाओं को जांचने के लिए भाजपा के सभी वरिष्ठ नेताओं ने सभा स्थल का जायजा लिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने सभा स्थल का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व विधायक मदन राठौड़, प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, महंत प्रतापपुरी, पूर्व विधायक शैतानसिंह राठौड़, नगर पालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, प्रधान भगवत सिंह तंवर आदि भी उपस्थित रहे।

हर बूथ से आज रामदेवरा पहुंचेंगे कार्यकर्ता
भाजपा का रामदेवरा से शुरू हो रही परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल होने के लिए सोमवार को जोधपुर शहर, सरदारपुरा तथा सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से हर बूथ से कार्यकर्ता जाएंगे। शहर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सालेचा ने बताया कि इस यात्रा में जोधपुर संभाग के स्थानीय सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि सहित भाजपा संगठन के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। भाजपा जोधपुर शहर जिला संगठन के सभी पदाधिकारी, मण्डल, मोर्चा, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केन्द्र संयोजक सहित बूथ स्तर के कार्यकर्ता सूरसागर स्थित एक होटल से बस एवं निजी वाहनों से रवाना होकर रामदेवरा पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि रामदेवरा जाने के लिए 50 बसों एवं 200 निजी वाहनों की व्यवस्था की गई है।

Updated on:
04 Sept 2023 12:59 pm
Published on:
04 Sept 2023 09:41 am
Also Read
View All