- ओसियां में एसीबी की कार्रवाई : एरियर व अधिक वेतन वृद्धि की रिकवरी समायोजित करने की एवज में ली घूस
जोधपुर.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जोधपुर ग्रामीण ने ओसियां में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय में अपने ही सहकर्मी से दस हजार रुपए रिश्वत लेने पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी (एएओ) को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। उसने वेतन का एरियर व अधिक वेतन वृद्धि की रिकवरी समायोजित करने की एवज में यह घूस ली।
ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस सोनी ने बताया कि ओसियां में जलदाय विभाग के सहायक प्रशासनिक अधिकारी जोधपुर में प्रतापनगर निवासी राजेन्द्र (53) पुत्र देवीलाल गोयल को दस हजार रुपए लेने पर रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने अपने ही सहकर्मी से अपने ही कार्यालय में दस हजार रुपए रिश्वत ली। तभी इशारा मिलते ही निरीक्षक अनु चौधरी के नेतृत्व में एसीबी ने दबिश देकर एएओ को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उससे रिश्वत राशि जब्त की गई।
परिवादी और आरोपी एएओओसियां के जलदाय विभाग में साथ-साथ काम करते हैं। वेतन की एसीपी का एरियर बनाने और अधिक वेतन की रिकवरी को समायोजित करने के लिए परिवादी ने एएओ से आग्रह किया था। तब उसने कार्य के बदले दस हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। उसने सहकर्मी होने और घूस न लेने का आग्रह किया था, लेकिन एएसओ नहीं माना।
एएओ के रिश्वत मांगने पर परिवादी ने 5 सितम्बर को एसीबी से शिकायत की थी। सत्यापन करवाने के लिए 10 सितम्बर को पीडि़त को एएओ के पास भेजा था, जहां बातचीत में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई थी। इसके दस दिन बाद शुक्रवार को एएओ ने रिश्वत ली।