जोधपुर

अरंडी की फसल में आ रही इन दिक्कतों ने बढ़ाई किसानों की चिंता, रायड़ा दे रहा राहत

किसानों ने कृषि विभाग में की निजी बीज कंपनी के खिलाफ शिकायत  
2 min read
• •
Updated: 8 Dec 2017, 12:57 PM IST
agriculture news of jodhpur
castor, farming in jodhpur, agriculture in jodhpur, farming in mathania, seed company, jodhpur news

मथानिया/जोधपुर.

खारडा मेवासा गांव में अरण्डी की फसल में डोडे नहीं आने से किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। किसानों ने कृषि विभाग के उपनिदेशक को अरण्डी के खराब बीज देने वाली कम्पनी के खिलाफ कार्यवाही करने व मुआवजा राशि की मांग की है।
खारडा मेवासा के किसान खुमाराम डूडी, कालूराम मेघवाल, बाबूराम चबराल, चूनाराम भाकर समेत कई किसानों ने बताया कि खारडा मेवासा में निजी कम्पनी का अरण्डी बीज खरीद कर दर्जनों किसानों ने अरण्डी की फसल बोई थी। खेतों में इन दिनों अरण्डी की फसल के डोडे आने चाहिए थे। इस बीज के पौधों पर डोडे व बीज बने ही नहीं। फसल हरी भरी है, लेकिन अरण्डी के पौधों पर एक दो डोडे के सिवाय बाकी डोडे खाली ही रह गए। गांव में २०० से अधिक बीघा पर खड़ी इस निजी कम्पनी के बीज की अरण्डी की पैदावार एक चौथाई भी नहीं होगी। किसानों ने बताया कि बीज कम्पनी के अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्यवाही नहीं की गई। ऐसे में किसानों ने कृषि विभाग के अधिकारियो के समक्ष बीज कम्पनी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

इनका कहना है


खारडा मेवासा के किसानो की अरण्डी बीज खराब की शिकायत यहां पहुंची है। कृषि विभाग ने जांच कमेटी बना दी है, जो शीघ्र ही किसानों के खेतो में जाएगी।

-जीवनराम भाकर, सहायक निदेशक, कृषि विस्तार, जोधपुर

लहलहाने लगी रायड़े की फसल

मथानिया कृषि क्षेत्र में इन दिनों रायड़े की फसल लहलहाने लगी है। मथानिया कृषि क्षेत्र के नेवरा रोड, किरमसरिया, बिगमी, चावंडियाली, कुतड़ी, बड़ला बासनी, खुडियाला, तेजानगर, केरलानाडा, खारडा मेवासा समेत तीन दर्जन से अधिक गांवों में किसानों ने सैकड़ों हैक्टेयर भू भाग पर रायड़ा बोया है। बुवाई के समय मौसम की अनुकूलता के चलते रायड़ा की फसल ठीक पनपी है। इन गांवों के खेतों में अब रायड़े की फसल पर फूल आने लगे है। खेतों में पीले पीले फूल खिलने से खेतों में रौनक लौट आई है। क्षेत्र के किसान अब रायडे की मुख्य सिंचाई में जुटे हैं, ताकि अधिक से अधिक फूल व फलियां बन सके। किसानों ने बताया कि अब सर्दी चमकने के साथ ही मावठ हो तो रबी की प्रमुख फसल गेहूं, रायड़ा, जीरा, लहसुन की फसलों में अच्छा लाभ होगा।

Published on: