जोधपुर

कोरोना नियम तार-तार, सरपंच प्रत्याशियों के रसोड़ों में भीड़

- डांगियावास में दो और बनाड़ में रसोड़ों में पुलिस की कार्रवाई, चार एफआइआर दर्ज
less than 1 minute read
• •
Updated: 22 Sep 2020, 6:45 AM IST
कोरोना नियम तार-तार, सरपंच प्रत्याशियों के रसोड़ों में भीड़
कोरोना नियम तार-तार, सरपंच प्रत्याशियों के रसोड़ों में भीड़

जोधपुर.
पंचायत चुनाव को लेकर मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए चल रहे कैम्प व रसोड़ों में जमकर आपदा प्रबंधन एक्ट और निषेधाज्ञा की अवहेलना हो रही है। एेसे ही चार कैम्प में डांगियावास और बनाड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई कर सोमवार को आयोजकों पर चार अलग-अलग एफआइआर दर्ज की।
थानाधिकारी लीलाराम के अनुसार डांगियावास गांव के मुख्य चौक स्थित पुराने कोट में सरपंच प्रत्याशी पूजा पत्नी संजय जाट और गोकुलराम डांगी के मकान के पास बाड़ा व गली में शामियाने लगाकर कैम्प संचालित किए जा रहे हैं। दोनों कैंप में निषेधाज्ञा की १४४, सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क पहनने के संबंध में जांच की गई। जहां ग्रामीणों ने मास्क नहीं पहन रखे थे और सोशल डिस्टेंसिंग की पालना भी नहीं कर रहे थे।
वहीं, सीमा के समर्थन में गोकुलराम डांगी के घर के पास बाड़े व गली में गोकुलराम, रामप्रकाश, थानाराम, महेन्द्र, प्रधानराम, सांवरलाल आदि की ओर से शामियाना लगाकर चाय व खाना खिलाया जा रहा था। आयोजनकर्ताओं के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
उधर, बनाड़ थानाधिकारी अशोक आंजणा ने बताया कि गश्त के दौरान सोडेर की ढाणी में सरपंच प्रत्याशी रामेश्वरलाल व धर्माराम अपने-अपने घरों के पास शामियाने लगाकर रसोड़े संचालित कर रहे थे। जिनमें अनेक ग्रामीण एकत्रित थे और सोशल डिस्टेंसिंग की पालना ताक पर थी। ग्रामीणों ने मास्क भी नहीं लगा रखे थे। लोगों को चाय व नाश्ता करवा आदेशों की अवहेलना की जा रही थी। दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।

Published on: