जोधपुर

जोधपुर क्राइम फाइल : महिला से छेड़छाड़, लूट, धोखाधड़ी और हादसों के चले ये खेल

चाय की दुकान पर बर्तन धो रहे दो बच्चों को मुक्त करवा कर दुकान मालिक को गिरफ्तार किया।
5 min read
• •
Updated: 18 Nov 2017, 5:14 PM IST
crime events in jodhpur
crime news of jodhpur, human trafficking, woman molested, robbery in jodhpur, road accident in jodhpur, Jodhpur central jail, jodhpur news

घर में घुसकर महिला से मारपीट व छेड़छाड़ प्रकरण

जोधपुर . बीजेएस में भूखण्ड को लेकर चल रहे विवाद में गत दिनों घर में घुस महिला से मारपीट व अभद्रता के मामले में महामंदिर थाना पुलिस ने शुक्रवार को ग्रामीण पुलिस के एक कांस्टेबल और उसके साथी को गिरफ्तार किया। एक अन्य कांस्टेबल व अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। उप निरीक्षक सल्लू खान ने बताया कि गत रविवार देर रात घर में घुसकर चार-पांच युवकों ने मारपीट व अभद्रता की थी। इनमें जोधपुर जिला ग्रामीण पुलिस के दो कांस्टेबल भी शामिल थे। इस संबंध में परस्पर विरोधी मामले दर्ज किए गए थे। जांच में आरोप साबित होने पर पुलिस ने शुक्रवार को नागौर जिले में पांचला सिद्धा निवासी नंद सिंह पुत्र पहाड़ सिंह व मूलत: पांचोड़ी थानान्तर्गत मोजास हाल बीजेएस के पास नारायण विहार निवासी महेन्द्र सिंह पुत्र पदम सिंह को गिरफ्तार किया। एक अन्य कांस्टेबल चन्द्र सिंह पर आरोपों की जांच की जा रही है।

भाजपा के इस नेता ने की धोखाधड़ी, यूं धरा गया

भूखण्ड के फर्जी दस्तावेज बना कर पट्टा बनाने के लिए जेडीए में पेश करने के आरोप में गिरफ्तार भाजपा के एक नेता को रातानाडा थाना पुलिस ने शुक्रवार को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया। पुलिस के अनुसार प्रकरण में गिरफ्तार नई सड़क जुबैदा मस्जिद के पास निवासी रमजान खोखर पुत्र अब्दुल हकीम को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि नई सड़क निवासी नौशाद ने गत वर्ष फरवरी में रमजान, उसकी मां व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। दस्तावेज की एफएसएल जांच में आरोपियों के फर्जीवाड़े करने की पुष्टि हुई थी। दो साल से फरार रहने के बाद गुरुवार को नई सड़क से रमजान खोखर को पुलिस ने पकड़ लिया था। जबकि रमजान की मां जुबैदा को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी।

जोधपुर में मानव तस्करी, बच्चों को करवाया मुक्त

मानव तस्करी विरोधी यूनिट (पूर्व) ने शुक्रवार को रातानाडा शिव मंदिर के पास स्थित चाय की दुकान पर बर्तन धो रहे दो बच्चों को मुक्त करवा कर दुकान मालिक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मंदिर के पास स्थित बिजू टी स्टॉल पर बच्चों से मजदूरी करवाने की सूचना मिली थी, जिस पर यूनिट के प्रभारी व पुलिस निरीक्षक भंवरसिंह, हैड कांस्टेबल शेषाराम और कांस्टेबल गिरधारीसिंह ने वहां दबिश दी, जहां तेरह व पन्द्रह वर्षीय दो बच्चे मजदूरी करते हुए मिले। जांच में यह तथ्य सामने आया कि दोनों बच्चों से प्रतिदिन सुबह ६.३० से रात नौ बजे तक मजदूरी करवाई जा रही थी। इनसे झूठे बर्तन धोने के साथ ही ग्राहकों को चाय भी सर्व कराई जाती थी। यूनिट की तरफ से रातानाडा थाने में मामला दर्ज कर बाईजी का तालाब निवासी दुकान मालिक रमेश प्रजापत पुत्र रामचंद्र को गिरफ्तार किया गया।


सूने घर में डाली चोरों ने नजर

झालामण्ड चौराहे के पास पृथ्वीराज नगर में मकान सूना छोड़कर शादी समारोह में जाना एक शिक्षक को उस समय भारी पड़ गया, जब दो घंटे के अंतराल में मकान के ताले तोड़कर चोरों ने रुपए व आभूषण चुरा लिए। कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में मामला दर्ज किया गया है। एएसआई भंवर सिंह ने बताया कि मूलत: खेतानाडी में जगजीवनराम कॉलोनी हाल पृथ्वीराज नगर निवासी किशोर कुमार पुत्र चैनसिंह परमार सरकारी शिक्षक हैं। दो दिन पहले वह परिवार सहित शादी समारोह में खाना खाने गया था। दो घंटे बाद रात १०.३० बजे वह लौटा तो मकान के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने की दो टोप्स जोड़ी व सोने की एक अंगूठी और दो पर्स में रखे ६१ सौ रुपए चुरा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

एटीएम में रुपए जमा कराने के नाम पर ठगी

कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपए निकालकर बाहर आए एक छात्र से एटीएम में रुपए जमा कराने का झांसा देकर दो युवकों ने सत्रह हजार रुपए ठग लिए। पीडि़त छात्र ने कुड़ी भगतासनीथाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एएसआई पूनमसिंह ने बताया कि गुड़ा विश्नोइयान निवासी छात्र मेकाराम पुत्र नैनाराम विश्नोई गत बुधवार को एसबीआई के एटीएम से सत्रह हजार रुपए निकाल कर बाहर निकला था। तब उसे दो युवक मिले और उससे पूछा कि एटीएम में रुपए जमा भी होते हैं? तब मेकाराम ने मना कर दिया। युवकों ने उससे रुपए जमा होने वाले एटीएम का पता पूछा। छात्र उनके साथ पैदल ही एटीएम का रास्ता बताने के लिए चल दिया। बासनी रेलवे स्टेशन रोड पहुंचने पर युवकों ने उससे कहा कि उनके रुपए वो खुद ही एटीएम में जमा करवा दे। बदले में उन्होंने मेकाराम को रुमाल सौंपा और कहा कि इसमें जमा कराने वाली राशि है। युवकों ने उससे कहा कि वे उसे रुपए दे रहे हैं तो बदले में वह भी उसे कुछ रुपए दे ताकि उन्हें विश्वास हो। बातों के झांसे में आए छात्र ने उन्हें अपना पर्स दे दिया, जिसमें एटीएम से निकाले सत्रह हजार रुपए व कागजात थे। कुछ दूर जाकर छात्र ने रुमाल खोला तो उसमें कागज के टुकड़े निकले। उसने युवकों को फोन भी लगाए, लेकिन वे नम्बर गलत निकले।

कपड़ों की छपाई करवा हड़पी राशि

जोधपुर. बासनी औद्योगिक क्षेत्र में कपड़ों की पिं्रटिंग करने वाली एक फर्म ने किसी अन्य कम्पनी की साख पर मिले ऑर्डर के तहत कपड़ों की प्रिन्टिंग तो कर दी, लेकिन बदले कम्पनी ने उसे ६.२५ लाख रुपए का भुगतान नहीं किया। बहुत देर तक इंतजार करने के बावजूद भुगतान न मिलने पर बासनी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार बासनी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित हीना प्रिन्टर्स नामक फर्म के प्रबंधक फिरोज खान पुत्र इंसाफ अली ने कोर्ट में पेश इस्तगासे के आधार पर गोरेगांव स्थित कॉटन क्राफ्ट नामक कम्पनी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। इस सिलसिले में समीर जुनेजा व सौरभ जुनेजा को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि उसकी फर्म ने नई दिल्ली की डीकेसी एक्सपोर्ट कम्पनी की साख पर कॉटनक्राफ्ट नामक कम्पनी के कपड़ों की प्रिंटिंग का काम लिया था। कपड़ों का डिजाइन और कपड़ा डीकेसी कंपनी का था। हीना प्रिन्टर्स ने ऑर्डर के तहत कपड़ों की प्रिंटिंग कर दी। बदले में कॉटन क्राफ्ट को ६,२५,२८४ रुपए के दो बिल भेज दिए गए, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं किया गया।

अनियंत्रित बाल वाहिनी पोल से टकराई, बाल-बाल बचे बच्चे

मण्डोर थानांतर्गत चैनपुरा स्कूल के पीछे सूरजगढ़ गार्डन रोड पर शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी बाल वाहिनी टैक्सी अनियंत्रित होने के बाद बिजली के पोल से जा टकराई। पोल क्षतिग्रस्त हो कर नजदीक स्थित मकान की बालकनी के सहारे टिक गया। गनीमत है कि बाल वाहिनी में सवार कोई भी चोटिल नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार निजी स्कूल के बच्चों को लेकर एक बाल वाहिनी टैक्सी सुबह स्कूल के लिए जा रही थी। सूरजगढ़ गार्डन रोड पर बाल वाहिनी अनियंत्रित होकर बिजली के पोल में जा घुसी। बाल वाहिनी की तेज रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पोल टूट कर कुछ दूर खिसक गया और पास ही मकान की बालकनी के सहारे टिक गया। हादसे के बारे में पता लगते ही आसपास के लोग जमा हुए और बच्चों को बाहर निकाला। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची। क्षेत्रवासियों का कहना है कि टैक्सी नाबालिग चला रहा था। उप निरीक्षक उमेश का कहना है कि हादसे में कोई चोटिल नहीं हुआ। फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

Published on: