
युवक ने घर में फंदा लगाया
जोधपुर .मण्डोर थानान्तर्गत मगरा पूंजला स्थित मकान में रविवार रात एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार मगरा पूंजला निवासी किशोर टाक (२२) पुत्र रमेश माली ने घर में फांसी लगाई है। घर पहुंचे परिजन को इसका पता लगा तो उन्होंने उसे फंदे से उतारा और महात्मा गांधी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। पता लगने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
------------
मंदसौर से लापता युवती लूनी स्टेशन पर मिली
मंदसौर से दो दिन पहले लापता युवती लूनी रेलवे स्टेशन पर मिली। राजकीय रेलवे पुलिस ने रविवार को युवती को उसकी मां के सुपुर्द किया। जीआरपी थानाधिकारी रविन्द्र बोथरा ने बताया कि मंदसौर में भानपुरा थानान्तर्गत मैथूली के गुलाबनगर निवासी उन्नीस वर्षीय युवती गत शुक्रवार को लापता हो गई थी। जो लूनी रेलवे स्टेशन पर मिली। जीआरपी ने परिजन को सूचना दी। उसकी मां जोधपुर पहुंची और पुत्री को सकुशल पाकर राहत की सांस ली।
----------
फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से मारपीट, साठ हजार लूटे
जिले में लूणावास खारा व झंवर गांव के बीच कार में सवार पांच-छह युवकों ने राह चलती मोटरसाइकिल रोक फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारी से मारपीट की और पैंसठ हजार रुपए व दस्तावेज का बैग व पर्स लूट लिया। झंवर थाना पुलिस ने डकैती का मामला दर्ज कर संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
थानाधिकारी जब्बर सिंह के अनुसार जयपुर में मालवीय नगर निवासी भगवान सहाय पुत्र भंवरलाल रैगर जन लक्ष्मी फाइनेंस कम्पनी में कार्य करता है। उसे हर महीने की सोलह तारीख को ऋण के वसूली के लिए कलेक्शन करना होता है। गत सोलह दिसम्बर को वह कलेक्शन करने के लिए मोटरसाइकिल पर लूणावास खारा गांव पहुंचा, जहां उसने ग्रामीणों से साठ हजार रुपए एकत्रित किए और बैग में रखे। जबकि पर्स में उसके खुद के पांच हजार रुपए, दो एटीएम कार्ड, पेन कार्ड, आधार कार्ड रखे हुए थे। दोपहर २.३० बजे वह लूणावास खारा से झंवर के लिए रवाना हुआ। तभी पीछे से सफेद इनोवा कार आई और ओवरटेक कर भगवान सहाय की मोटरसाइकिल रोकी। उसमें से पांच-छह व्यक्ति नीचे उतरे। उन्होंने भगवान सहाय की मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। फिर उसका बैग व पर्स छीन लिया और वहां से चलते बने। बैग में साठ हजार रुपए, एक टेबलेट, अंगूठा लगाने में प्रयुक्त होने वाली मशीन, कम्पनी का परिचय पत्र भी थे। वारदात के बाद भगवान सहाय ने कम्पनी के अधिकारियों को सूचना दी।
कम्पनी के अधिकारियों से सलाह करने के बाद शनिवार को पीडि़त झंवर थाने पहुंचा व एफआईआर दर्ज कराई। कार में सवार युवकों की संख्या पांच या अधिक होने से पुलिस ने डकैती का मामला दर्ज किया है। हुलिए व कार के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
----------
सब्जी लेकर लौट रही वृद्धा को धक्का दे चेन लूटी
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर १६ में बबूल की झाडि़यों के पास रविवार देर शाम सब्जी लेकर पैदल घर लौट रही वृद्धा को धक्का देकर एक युवक सोने की लूटकर भाग निकला। चौहाबो थाना पुलिस ने लुटेरे की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस के अनुसार सेक्टर १६ निवासी विजयलक्ष्मी (६५) पुत्री छगनलाल माथुर शाम ६.१५ बजे पैदल ही सब्जी लेने के लिए घर से निकली। सेक्टर ९ से सब्जी लेकर वह पैदल ही घर लौट रही थी। सेक्टर सोलह में सरकारी अस्पताल के पास पहुंचने पर बबूल की झाडि़यों से एक युवक आया और वृद्धा को धक्का दिया। फिर गले में झपट्टा मारकर सोलह ग्राम सोने की चेन लूटकर झाडि़यों में ही भाग निकला। वारदात से वृद्धा घबरा गई। उसके चिल्लाने पर आस-पास के लोग वहां आए। फिर पुलिस को सूचना दी गई। थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह व अन्य मौके पर पहुंचे। आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की तलाश करने का प्रयास शुरू किया। वृद्धा की रिपोर्ट पर लूट का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल लुटेरे का पता नहीं लग पाया है।
---------
फैक्ट्री से कॉपर केबल के दो रोल चोरी
मण्डोर थानान्तर्गत नौ मील औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री से ट्यूबवेल में प्रयुक्त होने वाले पीवीसी कॉपर केबल के दो बण्डल चोरी हो गए। चौकीदार पर संदेह जताते हुए मण्डोर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार खोखरिया बेरा निवासी विक्रम सिंह पुत्र जगदीशसिंह माली की औद्योगिक क्षेत्र में सेक्टर एफ में मैसर्स एवी सेंस इण्डिया नामक फैक्ट्री है, जहां से गत दिनों पीवीसी कोपर केबल के दो रोल चोरी हो गए। अपने स्तर पर तलाशी के बाद मामला दर्ज कराया गया है।
घर के आगे से कार चोरी
उधर, मण्डोर थानान्तर्गत माता का थान में अमरनगर से रात को एक कार चोरी हो गई। अमरनगर निवासी मधुसूदन राठी ने रात को घर के बाहर अपनी कार खड़ी की थी। जो कोई चोर चुरा ले गया।