जोधपुर

‘विवादों’ के बीच जोधपुर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल बने डॉ. जोधा, केन्द्रीय मंत्री शेखावत से है ये कनेक्शन

Rajasthan News: डॉ. बीएस जोधा को जोधपुर मेडिकल कॉलेज का प्रिंसिपल नियुक्त किया गया है। साथ ही डॉ. दीपक माहेश्वरी को SMS मेडिकल कॉलेज का प्रिंसिपल बनाया गया है।
2 min read
• •
Updated: 14 Oct 2024, 9:00 PM IST
Feature image

Rajasthan News: कई दिनों तक चले विवादों के बाद जोधपुर के जाने-माने चिकित्सक डॉ. बीएस जोधा एस एन मेडिकल कॉलेज, जोधपुर के प्रिंसिपल नियुक्त कर दिए गए हैं। साथ ही डॉ. दीपक माहेश्वरी SMS मेडिकल कॉलेज, जयपुर के प्रिंसिपल बनाए गए हैं। बता दें इस बार यह नियुक्तियां इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी करके की गई हैं। इन दोनों का कार्यकाल 3 साल या 62 वर्ष की आयु जो पहले हो तब तक रहेगा।

दरअसल, डॉ. जोधा केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बहनोई हैं। डॉ. बीएस जोधा महीने भर पहले भी प्रिंसिपल थे लेकिन उन्हें अचानक हटा दिया गया था।

पहले हटाने को लेकर हुआ था विवाद

मालूम हो कि पिछले दिनों डॉ. जोधा को जोधपुर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल पद से अचानक हटाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। विभाग ने एक आदेश जारी कर डॉ जोधा की जगह डॉ भारती सारस्वत को प्रिंसिपल बना दिया। इस आदेश से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जोधपुर आए थे। उस समय सियासी गलियारों में चर्चाएं चली थी कि केंद्रीय मंत्री शेखावत अपने जीजा को हटाए जाने से नाराज़ हैं।

इसके बाद चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने बयान दिया था कि यह फैसला मुख्यमंत्री कार्यालय से हुआ है।

प्रिंसिपल पद के लिए हुए थे इंटरव्यू

गौरतलब है कि पिछले दिनों एस एन मेडिकल कॉलेज, जोधपुर और SMS मेडिकल कॉलेज, जयपुर के प्रिंसिपल की स्थायी नियुक्ति के लिए सरकार ने इंटरव्यू लिए थे। इस पर जयपुर एसएमएस मेडिकल कॉलेज के ही 3 से ज्यादा डॉक्टरों ने इंटरव्यू दिए थे। जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में डॉ. माहेश्वरी को कार्यवाहक प्रिंसिपल बना रखा था। वहीं, एस एन मेडिकल कॉलेज, जोधपुर के प्रिंसिपल बने डॉ. बीएस जोधा वर्तमान में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में कार्यरत हैं।

Updated on:
14 Oct 2024, 9:00 PM IST
Published on: