
Rajasthan News: जोधपुर के रातानाडा में अयप्पा मंदिर और पेट्रोल पम्प के बीच स्थित नाला अचानक धंस गया। उस पर बने दो कमरे और शौचालय भी टूटकर गिर गए और एसयूवी व एक बाइक मलबे में दब गई। गनीमत रही कि हादसे से कुछ ही देर पहले पांच-छह व्यक्ति कमरे व शौचालय से बाहर आए थे। ऐसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाले पर निर्माण कार्य किसने करवा रखा था। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और राहत कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार मंदिर व पेट्रोल पम्प के बीच गंदे पानी की निकासी का नाला बना हुआ है। जिसे ऊपर से बंद कर रखा है और उस पर एक-दो कमरे, शौचालय व पानी का टांका बने हुए थे। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एक एसयूवी पम्प से सटे नाले पर खड़ी थी। तभी अचानक नाला धंस गया। एसयूवी का आगे का हिस्सा नाले में चला गया। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
उसके वजन से पास ही नाले का कुछ अन्य हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर धंस गया। वहां एक-दो कमरे और शौचालय बने हुए थे। वो भी भरभराकर नाले में जा गिरे। सबसे पीछे वाले कमरे की दीवार व कुछ हिस्सा ही बचा रहा। वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल भी मलबे में दब गई। जेसीबी बुलाकर एसयूवी बाहर निकाली जा सकी।
लोगों का कहना है कि जोधपुर के रातानाडा में पम्प पर आने वाले व आस-पास के लोग शौचालय का उपयोग करते थे। पास ही कमरों में सामान रखा हुआ था। नाले पर यह अवैध निर्माण था। हादसे से कुछ ही क्षण पहले चार-पांच व्यक्ति कमरे व शौचालय में थे। इनके बाहर आने के कुछ ही देर बाद नाला धंस गया। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि निर्माण कार्य के संबंध में पम्प संचालक व मंदिर वालों ने अनभिज्ञता जताई है। अब निर्माण की अनुमति और नाले की स्थिति को लेकर संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
नाले से ठीक सटा अयप्पा मंदिर है। हादसे में मंदिर परिसर को भी नुकसान पहुंचा। नाला व निर्माण कार्य धंसने से मंदिर की दीवार व प्रथम तल जाने वाली सीढि़यां भी टूटकर गिर गईं।