जोधपुर

राजस्थान में DRI की बड़ी कार्रवाई, 1.3 KG तस्करी का सोना जब्त, नागौर के 4 तस्कर गिरफ्तार

सभी आरोपी नागौर जिले के शेरानी आबाद व डीडवाना क्षेत्र के निवासी, जोधपुर की आर्थिक अपराध न्यायालय ने 11 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा।
2 min read
• •
Updated: 30 Jun 2025, 8:18 PM IST
directorate of revenue intelligence
राजस्व आसूचना निदेशालय। फाइल फोटो

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआइ) ने गोल्ड तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने 29 जून को की गई कार्रवाई में 1.3 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त किया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.26 करोड़ रुपए बताई गई है। यह सोना एक पैसेंजर रियाद से अहमदाबाद एयरपोर्ट तक लाया था, जहां उसने इसे पेस्ट के रूप में अपने कपड़ों में छिपाकर भारत में प्रवेश किया।

बाद में वह तीन अन्य सहयोगियों के साथ इस सोने को राजस्थान के कुचामन-डीडवाना क्षेत्र में पहुंचाने की योजना में था। डीआरआइ की सतर्कता से चारों तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी नागौर जिले के शेरानी आबाद व डीडवाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

न्यायिक हिरासत में भेजा

चारों को सोमवार को जोधपुर की आर्थिक अपराध न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 11 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए हैं। विभाग अब तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की गहन जांच में जुटा हुआ है।

यह वीडियो भी देखें

जयपुर में विदेशी महिला से 3.5 करोड़ की ड्रग्स बरामद

इसी सप्ताह डीआरआइ ने जयपुर एयरपोर्ट पर एक नाइजीरियन मूल की महिला को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। महिला दिल्ली से ड्रग्स लेकर जयपुर पहुंची थी। जांच के दौरान उसके पास से 1.782 किलोग्राम एमफेटामाइन (सिंथेटिक ड्रग्स) बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपए आंकी गई है।

यह कार्रवाई 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा उन्मूलन दिवस के मौके पर की गई। महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल एजेंसियां इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच में लगी हैं।

एक ही सप्ताह में दो बड़ी कार्रवाई

जोधपुर में 1.3 किलो सोना जब्त, 1.26 करोड़ रुपए मूल्य।
जयपुर एयरपोर्ट पर 1.782 किलो एमफेटामाइन ड्रग्स जब्त। 3.5 करोड़ रुपए मूल्य।

Updated on:
30 Jun 2025, 8:18 PM IST
Published on: