जोधपुर

Weather Alert: पश्चिमी विक्षोभ से बेहाल हुए राजस्थान के कई जिले, अलसुबह बारिश ने भिगोया, IMD का ट्रिपल अलर्ट जारी

Western disturbance in Rajasthan: जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक नए तंत्र के सक्रिय होने से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश व ओलावृष्टि की आशंका है।
2 min read
• •
Updated: 11 Jan 2025, 9:25 AM IST

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में शुक्रवार देर रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके असर से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। शनिवार सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। कई जिलों में बूंदाबादी तो कहीं तेज बौछारें गिरीं। इससे ठंड का असर काफी तेज हो गया है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार सुबह जोधपुर, जोधपुर ग्रामीण, नागौर, जैसलमेर, बाड़मेर, रामदेवरा, पोकरण, बीकानेर, अजमेर, पाली और अजमेर सहित कई जिलों में बारिश का दौर चला। ऐसे में सर्दी के तेवर तीखे हो चुके हैं।

देर रात से ही आसमान में बादलों ने अपना डेरा डाल लिया था। वहीं किसानों के लिए यह मावठ फायदेमंद रहेगी। इस बीच मौसम विभाग ने आगामी दो घंटों के भीतर पाली, अजमेर, सीकर, नागौर, जोधपुर, बीकानेर, झुंझुनूं और चूरू जिलों में मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

नागौर में हुई बारिश

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर आज नागौर में देखने को मिल रहा है। शुक्रवार तक जिले में मौसम साफ था, लेकिन रात में मौसम बदला और अलसुबह से हल्की बारिश हो रही है। बारिश से रबी फसलों को फायदा होगा। हालांकि नागौरी पान मेथी की कटी हुई फसल को बारिश से नुकसान हो सकता है। बारिश को देखते हुए आज व्यापारियों ने जिले में मेथी की खरीद भी बंद रखने का निर्णय लिया है। बारिश के साथ हवा चलने से सर्दी का असर बढ़ गया है।

ओलावृष्टि की आशंका

जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक नए तंत्र के सक्रिय होने से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश व ओलावृष्टि की आशंका है। नई दिल्ली में पश्चिमी विक्षोप के सक्रिय होने से मौसम बदला। जिसका असर यहां अलवर में भी देखने को मिला। यहां शुक्रवार दोपहर तक कोहरा छाया रहा। दिन के तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन में सर्दी का एहसास रहा। वहीं धौलपुर में भी दिन के तापमान में करीब सात डिग्री की गिरावट रही।

यह वीडियो भी देखें

यहां अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 11 जनवरी को अलवर, भरतपुर, दौसा, जयपुर झुंझुनूं, सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ में मेघगर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी कर रखा है। वहीं अजमेर, बीकानेर और नागौर में मेघगर्जन, वज्रपात और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही श्रीगंगानगर, जैसलमेर, टोंक और सवाईमाधोपुर में मेघगर्जन के साथ वज्रपात हो सकता है। कहीं कहीं कोहरा भी छा सकता है।