जोधपुर

Exclusive Interview: क्या राजस्थान में सत्ता और संगठन में बदलाव होने जा रहा है? BJP नेता सतीश पूनिया ने दिया ये जवाब

Satish Poonia Interview: भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाने का सपना साकार करने की दिशा में हम तेजी से बढ़ रहे हैं।
3 min read
Jul 08, 2026
Dr Satish Poonia
राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया। फोटो: पत्रिका

जोधपुर। भाजपा नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाने का सपना साकार करने की दिशा में हम तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाओ जैसे नारे गढ़कर चुनाव जीते, वहीं भाजपा ने अपने काम के दम पर चुनाव जीते हैं। जरूरत पड़ने पर वे जलप्रबंधन जैसे पश्चिमी राजस्थान के जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाएंगे। एक कार्यक्रम में जोधपुर आए डॉ. पूनिया से पत्रिका के राजेंद्र सिंह देणोक की विशेष बातचीत…

सवाल और सांसद डॉ. सतीश पूनिया के जवाब

Q. वर्तमान समय में राजनीति के प्रति आकर्षण तो लगातार बढ़ रहा है, लेकिन वैचारिक धरातल पर निरंतर कमजोरी आती जा रही है, भाजपा में भी यह संकट लगातार बढ़ता जा रहा है?
A.
युवाओं को राजनीति में आना चाहिए। भारत युवाओं का देश है। नए लोग आएंगे तभी नई चीजें आएंगी, बेहतर और अच्छा काम होगा। राजनीति के प्रति आकर्षण होना कोई बुरी बात है नहीं, बशर्ते उसमें सेवा का भाव हो। भाजपा एक कैडर बेस पाटी है जो पूरी तरह अपने वैचारिक मूल्यों पर खड़ी है। हम अपनी स्थापना से ही एक विचारधारा से जुड़े हुए हैं। अगर कुछ लोग आए भी है तो वे भी पार्टी की विचाराधारा को पूरी तरह आत्मसात कर चुके हैं या कर रहे हैं।

Q. क्या राजस्थान में सत्ता और संगठन में बदलाव होने जा रहा है?
A.
मुझे तो इसकी कोई जानकारी है नहीं। मैं अपने काम पर फोकस करता हूं। मुझे जो टास्क दिया हुआ है उसे पूरा करने के अलावा किसी ओर बात पर ध्यान नहीं देता। यह काम केन्द्रीय नेतृत्व का है। यह मेरा विषय नहीं है।

Q. राज्यसभा में आप किन मुद्दों को सबसे पहले उठाना चाहेंगे, विशेषकर पश्चिमी राजस्थान से जुड़े विषयों को?
A.
राज्यसभा का सांसद एक क्षेत्र विशेष का नहीं होता है, बल्कि पूरे प्रदेश का प्रतिनिधित्व करता है। वैसे तो पश्चिमी राजस्थान का केन्द्र में मजबूत प्रतिनिधित्व है, फिर भी आवश्यकता हुई तो निश्चित रूप से उस दिशा में काम करूंगा। यहां की जलापूर्ति व्यवस्था का अध्ययन कर आवश्यकता हुई तो इस मुद्दे को उठाएंगे।

Q. आज राजनीति में सत्ता हासिल करने के लिए चुनाव प्रबंधन सबसे महत्वपूर्ण हो गया, मूल्य गौण हो गए हैं?
A.
भाजपा के लिए सत्ता सर्वोपरि कभी नहीं रही है। हम अपने मूल्यों और विचारधारा से कभी डिगे नहीं है। चुनाव जीतने के लिए तो कांग्रेस ने खूब नारे दिए हैं। गरीबी हटाओ, 21 सदीं का भारत जैसे कई नारे गढ़कर सत्ता हासिल की। जबकि, हम अपने काम से सत्ता में आए हैं। लगातार भाजपा केन्द्र में तीन चुनाव जीती है तो यह मोदी का विजन और पार्टी का काम ही है। राजनीति में चुनाव में हर राजनीतिक दल अपने एजेंडे पर काम करता है। आज भाजपा जनता की आवाज बनकर आगे बढ़ रही है तो उस पर क्या एतराज है। जनता लगातार हम पर विश्वास कर रही है।

Q. आप भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं… चुनाव से पहले आपको हटा दिया गया था, फिर आप आमेर से चुनाव हारते हैं, उसके बाद भी आपको राज्यसभा सांसद बना दिया गया, क्या इसमें हरियाणा जीत के फैक्टर ने काम किया है?
A.
किसी को प्रदेशाध्यक्ष बनाना या हटाना पार्टी का विशेषाधिकार है। मेरी इच्छा थी कि पार्टी के लिए खूब काम करूं और दो तिहाई बहुमत से सत्ता में लाऊं, पर नहीं हो पाया। जहां तक पार्टी का हरियाणा में जीत का सवाल है, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व, और हम सब कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत का परिणाम है। मैं पार्टी का साधारण कार्यकता हूं, अपने काम में विश्वास करता हूं, पार्टी जो भी जिम्मेदारी देती है, उस कार्य को अंजाम देता हूं। राज्यसभा में जाने का अवसर दिया है, अब वहां भी काम करूंगा।

Q. आपको मजबूत संगठनकर्ता माना जाता है, इस सोशल मीडिया के दौर में जमीनी संगठन की भूमिका में क्या खत्म होती जा रही है?
A.
भाजपा रील में नहीं रियल में विश्वास करती है। बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक जमीन से जुड़े हुए हैं। कांग्रेस सोशल मीडिया पर पोस्ट पर पोस्ट कर खाली आलोचना करती है। धरातल पर काम में उसका कोई विश्वास नहीं है। हमारे लिए सोशल मीडिया काम व सूचना संप्रेषण का माध्यम मात्र है पर कांग्रेस उसी पर जीवित है और हम धरातल पर है।

Updated on:
08 Jul 2026 03:22 pm
Published on:
08 Jul 2026 02:31 pm