
Jodhpur ASI Hardev Ram Arrested (Patrika Photo)
Jodhpur ASI Hardev Ram Arrested: जयपुर/जोधपुर: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर के शास्त्री नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) हरदेवराम को 40,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार, एक परिवादिया ने एसीबी की स्पेशल यूनिट जोधपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के मुताबिक, परिवादिया के पति के साथ मारपीट का एक मुकदमा शास्त्री नगर थाने में दर्ज था। वहीं, दूसरी पार्टी ने भी परिवादिया के पति और अन्य के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज करवा रखा था। इन दोनों ही मामलों की जांच एएसआई हरदेवराम कर रहे थे।
आरोपी एएसआई हरदेवराम ने परिवादिया के पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मदद करने और उनके साथ मौजूद व्यक्ति (सुंडाराम) का नाम केस से हटाने के एवज में "खर्चा-पानी" मांगा था। इसके लिए परिवादिया ने पहले ही आरोपी को 5,000 रुपए दे दिए थे।
इसके बाद आरोपी ने सुंडाराम को थाने बुलाकर मामले को रफा-दफा करने और सुंडाराम सहित दो अन्य लोगों का नाम निकालने के लिए सीआई (थानाधिकारी) के नाम पर 50,000 रुपए की और मांग की। लगातार मिल रही धमकियों और परेशानी से तंग आकर परिवादिया ने इसकी शिकायत एसीबी से की।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद, एसीबी जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन और स्पेशल यूनिट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। निरीक्षक पुलिस उमेश कुमार विश्नोई और उनकी टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी एएसआई हरदेवराम रिश्वत की रकम लेने परिवादिया के निवास पर पहुंचा और 40,000 रुपए लेकर अपनी पैंट की जेब में रखे, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे का अनुसंधान किया जा रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में जुड़ें! किसी भी शिकायत के लिए एसीबी के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर 24×7 संपर्क करें।
Updated on:
06 Jul 2026 06:43 pm
Published on:
06 Jul 2026 06:43 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
