
काला झंडा लेकर काफिले में घुसा युवक। फोटो- पत्रिका
जोधपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जोधपुर प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। रातानाडा में शनिवार को काफिले में एनएसयूआइ का एक छात्र घुस गया और काला झण्डा लहराया। रातानाडा थाना पुलिस ने छात्र को हिरासत में लिया। जानकारी के अनुसार सीएम भजनलाल शर्मा शाम को एयरपोर्ट जाने के लिए सर्किट हाउस से निकले। भारी पुलिस लवाजमे के साथ सीएम अपने काफिले के साथ एयरपोर्ट जा रहे थे। रातानाडा में अचानक एनएसयूआइ का एक छात्र हाथ में काला झण्डा लेकर आया और काफिले में शामिल सीएम की कार के आगे काला झण्डा दिखाया।
यह वीडियो भी देखें
काफिला निकलने के बाद पुलिस हरकत में आई और तलाश के बाद एनएसयूआइ से जुड़े छात्र जीतेश्वर चौधरी को हिरासत में लेकर रातानाडा थाने ले गई। फिलहाल काला झण्डा दिखाने का कारण स्प्ष्ट नहीं हो पाया है। काला झण्डा दिखाने के दौरान छात्र के साथी भी कुछ दूरी पर खड़े थे। उन्होंने मामले का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया में वायरल भी हुआ। सीएम का काफिला आता देख काला झण्डा लेकर छात्र बीच सड़क पर आया। एक-एक करके काफिले में शामिल ग्यारह वाहन निकल गए, लेकिन किसी ने छात्र को रोकने की कोशिश नहीं की थी। 12वीं कार आई तो छात्र ने काला झण्डा दिखा दिया। हालांकि बाद में उसे पकड़ लिया गया।
वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रिफाइनरी के उदघाटन करने के बाद जोधपुर लौटे और कुछ कार्यक्रमों में शामिल होने के उपरांत शाम को हवाई मार्ग से जयपुर लौट गए। उन्होंने भाटी सर्कल पर चाय की दुकान के बाहर बैठकर मंत्री, विधायक व पार्टी के पदाधिकारियों के साथ चाय की चुस्कियां भी ली और चर्चा की। सीएम भजनलाल शर्मा दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार शाम जोधपुर आए थे। बारिश व मौसम खराब होने से वे सड़क मार्ग से पचपदरा में रिफाइनरी गए थे, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षाण किया था। वे देर रात जोधपुर लौटे थे और सर्किट हाउस में विश्राम किया था।
सीएम भजनलाल शर्मा शनिवार सुबह 10 बजे एयरफोर्स स्टेशन गए थे, जहां पीएम नरेन्द्र मोदी की अगवानी की थी। एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण करने के बाद वे हैलिकॉप्टर से पदपदरा गए। रिफाइनरी के उदघाटन में शामिल होने के बाद सीएम भजनलाल दोपहर में जोधपुर के वायुसेना स्टेशन लौटै।
सीएम भजनलाल शर्मा वायुसेना स्टेशन से अपराह्न में रिक्तेश्वर भैरूजी चौराहे के पास पांच सितारा होटल गए, जहां कवि, एक्टर और लेखक शैलेष लोढ़ा की पुत्री की शादी के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दुल्हन को आशीर्वाद दिया और फिर लौट गए।
सर्किट हाउस जाने के दौरान भाटी सर्कल से निकलने लगे तो सीएम भजनलाल शर्मा ने चाय की दुकान पर काफिला रुकवाया। वे कार से उतरे और चाय पीने की इच्छा जाहिर की। वे संसदीय कार्य, विधि व विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक बाबूसिंह राठौड़ व अतुल भंसाली, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल के साथ दुकान के बाहर बैठे और चाय पी। इस दौरान उन्होंने बच्चों व क्षेत्रवासियों से भी बातचीत की।
सीएम भजनलाल शर्मा को सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला तो शनिवार शाम को वे चौपासनी रोड स्थित निजी अस्पताल में उनकी कुशलक्षेम पूछने पहुंच गए। जोशी को शुक्रवार शाम को उल्टी-दस्त व डायरिया की शिकायत के बाद शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सीएम ने उनकी पत्नी व भाई सहित अन्य परिवार के लोगों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनके साथ विधि मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक अतुल भंसाली, महेन्द्र मेघवाल सहित अन्य लोग साथ थे।
Updated on:
04 Jul 2026 08:54 pm
Published on:
04 Jul 2026 08:24 pm
