
Jamshedpur Karni Sena leader Himanshu Singh Murder (Photo-X)
Jamshedpur Karni Sena leader Himanshu Singh Murder: सीकर: झारखंड के जमशेदपुर में हुए चर्चित करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी और बार संचालक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात के बाद से ही फरार चल रहा नीरज सिंह अपने बेटे के साथ प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में दर्शन करने आया था। दर्शन करने के बाद जैसे ही वह मंडा रोड स्थित एक होटल के रेस्टोरेंट पहुंचा, पहले से जाल बिछाकर बैठी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
यह सनसनीखेज वारदात बीती 27 जून को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित 'डबल डाउन बार' के बाहर हुई थी। रात करीब 11:30 बजे बार के अंदर कुछ युवक युवतियों से छेड़खानी कर रहे थे। करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह और उसके साथी प्रत्यूष ने मामले को शांत कराने के लिए बीच-बचाव किया। मामला शांत होने के बाद जब हिमांशु बाहर निकला, तब 8 से 10 बदमाशों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिस जब घायल हिमांशु को जीप की तरफ ले जा रही थी, तब भी हमलावरों ने उस पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्याकांड के बाद पुलिस ने बार मालिक नीरज सिंह समेत 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वारदात के बाद नीरज सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले कोलकाता भागा और फिर वहां से फ्लाइट के जरिए राजस्थान पहुंच गया।
झारखंड पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम लगातार आरोपी का पीछा कर रही थी। जैसे ही इनपुट मिला कि आरोपी खाटूश्यामजी में छिपा है, तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क साधा गया। खाटू थाने के हेड कांस्टेबल बनवारी और कांस्टेबल राजेंद्र गढ़वाल ने मुस्तैदी दिखाते हुए रेस्टोरेंट में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में अब तक बार संचालक नीरज सिंह सहित कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद राजस्थान पुलिस आरोपी नीरज को झारखंड पुलिस के सुपुर्द करेगी।
Updated on:
06 Jul 2026 04:22 pm
Published on:
06 Jul 2026 04:21 pm
