
रास्ता चौड़ा करने का काम शुरू। फोटो: पत्रिका
सीकर। शहरवासियों के लिए राहतभरी खबर है। राधाकिशनपुरा व पुरोहित जी की ढाणी के बाद वदेमातरम चौक से आरटीओ ऑफिस तक की सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की दिशा में कवायद तेज कर दी है। नगर परिषद की ओर से वंदे मातरम चौक से 70 बीघा मैदान तक 40 फीट की सड़क होगी। जबकि 70 बीघा मैदान से बाईपास तक होगी 60 फीट चौड़ी सड़क होगी।
इसके लिए नगर परिषद दस्ते ने अतिक्रमण के दायरे में आने वाले भवनों पर निशान लगाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। सीकर नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि खुद के स्तर पर अतिक्रमण नहीं हटाने पर परिषद की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इधर, पुरोहित जी की ढाणी इलाके में सड़क चौड़ाईकरण प्रोजेक्ट भी लगातार रफ्तार पकड़ रहा है।
नगर परिषद ने शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए सबसे पहले राधाकिशनपुरा में सड़क चौड़ाईकरण की कवायद शुरू की। यहां नगर परिषद की समझाईश के बाद खुद लोगों ने अतिक्रमण हटा लिए। इसी तर्ज पर नगर परिषद ने पुरोहित जी की ढाणी इलाके में सड़क चौड़ाईकरण का काम शुरू किया। यहां भी 80 फीसदी से ज्यादा लोग खुद अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा चुके है।
राधाकिशनपुरा में सड़क चौड़ाईकरण के बाद सड़क व नाली का कराया गया। इसी तर्ज पर अब पुरोहित जी की ढाणी इलाके में 50 लाख रुपए की लागत से सड़क व नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इलाके में भूमिगत बिजली सप्लाई को शुरू कराने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
फिलहाल शहरवासियों को झुंझुनूं बाईपास जाने के लिए पूरे शहर का चक्कर काटकर जाना पड़ता है। राधाकिशनपुरा व पुरोहित जी की ढाणी इलाके की सड़कों की चौड़ाई बढ़ोतरी के बाद शहरवासी सीधे जा सकेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। अब तक तंग गलियों की वजह से लोगों को जाने में काफी परेशानी होती है। वहीं तंग गलियों की वजह से दिनभर जाम के हालात बने रहते है।
राधाकिशनपुरा इलाके के लोगों ने बताया कि परिषद ने सड़क चौड़ाईकरण की दिशा में तो काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही यदि अंडरपास इलाके में मानसून सीजन में होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान हो जाए तो लोगों को आवागमन में पूरे साल राहत मिल सकती है।
शहर में यातायात की राहें सुगम करने के लिए जिला कलक्टर की पहल पर अभियान जारी है। राधाकिशनपुरा, पुरोहित जी की ढाणी के बाद अब आरटीओ रोड की चौड़ाई बढ़ाने की दिशा में काम शुरू किया है। इसके बाद तहसील रोड की चौड़ाईकरण का काम शुरू किया जाएगा। वहीं पुरोहित जी ढाणी इलाके में 50 लाख से सड़क व नाली के काम कराने की स्वीकृति जारी कर दी है।
-शशिकांत शर्मा, वरिष्ठ आयुक्त, नगर परिषद, सीकर
Updated on:
05 Jul 2026 02:15 pm
Published on:
05 Jul 2026 02:15 pm
