Fake Lawrence Bishoni Caught: अक्सर ये गैंगस्टर लॉरेंस या अन्य गैंगस्टर्स के नाम पर रंगदारी करने का प्रयास करते हैं। इसी तरह का एक मामला जोधपुर में सामने आया है।
Rajasthan Crime News: गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई और उसकी गैंग के बहुत से बदमाशों पर अलग-अलग राज्यों की पुलिस ने नकेल कस रखी है, लेकिन उसके बाद भी लॉरेंस गैंग से ताल्लुक रखने वाले कई गैंगस्टर फरार चल रहे हैं। अक्सर ये गैंगस्टर लॉरेंस या अन्य गैंगस्टर्स के नाम पर रंगदारी करने का प्रयास करते हैं। इसी तरह का एक मामला जोधपुर में सामने आया है। लॉरेंस के नाम पर रंगदारी मांगने वाले एक व्यक्ति को दबोचा गया है। उसकी पड़ताल की तो पता चला कि वह दिहाड़ी मजदूर है, जल्दी लखपति बनने के लिए कारोबारी से पांच लाख की रंगदारी मांगी थी। इस नकली लॉरेंस को जोधपुर पुलिस ने दबोच लिया है। मामला जोधपुर शहर के सरदारपुरा क्षेत्र का है।
पुलिस उपायुक्त विनीत बंसल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी का नाम झंवर निवासी लादूराम उर्फ लादेन है। वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसने कुछ दिन पहले एक कारोबारी को पांच लाख रुपए की रंगदारी के लिए लॉरेंस के नाम पर धमकाया था। पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस टीम ने चुनौती लेते हुए काम किया। डर था कि कहीं वास्तव में कोई बड़ा गैंगस्टर निकल आया तो मामला बढ़ सकता है। लेकिन जब जांच की और कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य आरोपी तक पुलिस पहुंची तब जाकर राहत की सांस ली। पता चला कि कॉल झंवर थाना इलाके से आया है। इसी आधार पर आरोपी को पकड़ा गया।
झंवर पुलिस ने बताया कि सरदापुरा पुलिस को आरोपी हवाले कर दिया गया है। जिस कारोबारी को धमकी दी गई थी उसने सरदारपुरा पुलिस को सूचना दी थी। लादूराम के बारे में पुलिस ने बताया कि लादूराम दिहाड़ी मजदूरी करने के साथ ही नशा करने लगा था। पैसा कम पड़ता था, इस कारण अपराध की राह चुनी और एक बार में ही लखपति बनने की प्लानिंग कर ली। लेकिन शुरुआती प्रयास में ही उसे दबोच लिया गया।
उल्लेखनीय है जनवरी लास्ट और फरवरी माह के दिनों में जोधपुर और आसपास के इलाकों में तीन कारोबारियों को रंगदारी मांगने के लिए लॉरेंस गैंग के नाम से फोन आ चुका है। रंगदारी मांगने की यह चौथी घटना है। इससे पहले चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में दो लोगों से दो करोड़ रुपए की मांग की गई थी। वहीं मोती चौक में एक होटल व्यवसायी और निवर्तमान पार्षद को भी धमकी भरा कॉल आया था। इन घटनाओं के बाद संबंधित लोगों की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।