जोधपुर

हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री में एक दर्जन दमकलों की कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग 24 घंटे के भीतर फिर से धधक उठी

https://www.patrika.com/ajmer-news/
2 min read
Oct 06, 2018
aag
हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री में एक दर्जन दमकलों की कड़ी मशक्कत के बाद बुझी आग 24 घंटे के भीतर फिर से धधक उठी

जोधपुर.

पाल बालाजी मंदिर के पीछे पाश्र्वनाथ नगर के रहवासीय क्षेत्र स्थित हैण्डीक्राफ्ट की एक फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से गुरूवार रात भभकी आग पर एक दर्जन दमकलों ने चार घंटे में काबू पाया, लेकिन मलबे से शुक्रवार रात एक बार फिर हड़कंप मच गया।फिर से लपटें उठने पर दमकल मौके पर पहुंची और पानी डाला। अग्निशमन सूत्रों के अनुसार मंदिर के पीछे पाश्र्वनाथ नगर स्थित हैण्डीक्राफ्ट की एक फैक्ट्री में गुरुवार रात एक बजे भीषण आग लग गई थी। फैक्ट्री लकड़ी के तैयार व कच्चे माल से भरी थी। कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री चपेट में आ गई और लपटें उठने लगीं।

फैक्ट्री की एक दीवार में दरार आ गई

आग लगने के बाद आस-पास के लोगों ने पुलिस व दमकल केन्द्र को सूचित किया। शास्त्रीनगर, बासनी, नागौरी गेट व मण्डोर से एक के बाद एक दस-बारह दमकलें मौके पर पहुंची और चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से फैक्ट्री की एक दीवार में दरार आ गई।

कई बार फैक्ट्री को रहवासीय क्षेत्र से बाहर ले जाने का आग्रह

इस बीच, लकड़ी के मलबे से शुक्रवार रात नौ बजे फिर लपटें निकलने लगी तो बासनी से एक दमकल मौके पर पहुंची। आग की वजह से पड़ोस में रहने वाले शेरसिंह के मकान में भी दरारें आ गईं। छत की दीवार में बड़ी सी दरार आने से घर वाले घबरा गए। मोहल्लेवासियों का कहना है कि फैक्ट्री मालिक को पहले भी कई बार फैक्ट्री को रहवासीय क्षेत्र से बाहर ले जाने का आग्रह कर चुके हैं, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ।

Published on:
06 Oct 2018 04:29 am