जोधपुर

सरकार ने निकाल लिए शहरी सरकार की ‘दोनों गाडिय़ों’ के पहिये

- नगर निगम उत्तर व दक्षिण दोनो के आयुक्त का एक साथ स्थानांतरण - अभी तक नए अधिकारियों का पदस्थापन नहीं  

less than 1 minute read
Jul 21, 2021
Feature image

जोधपुर।
शहरी सरकार के दोनों वाहनो के पहिये सरकार ने निकाल दिए। नगर निगम उत्तर व दक्षिण के आयुक्त दोनों आइएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया। कुछ स्पष्ट नहीं, लेकिन निगम के कुछ प्रोजेक्ट जिसमें सरकार सीधे तौर पर जिस लिहाज से प्रगति चाहती थी, वह नहीं मिली। खास बात यह है कि दोनों अधिकारियों के स्थान पर अभी किसी को नहीं लगाया गया है।

राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने बुधवार को आदेश जारी कर 11 आइएएस अधिकारियों के तबादले-पदस्थापन आदेश जारी किए। इसमें निगम उत्तर के आयुक्त रोहिताश्व तोमर को सीइओ भिवाड़ी इंटीग्रेटेड विकास प्राधिकरण अलवर लगाया गया है। जबकि दक्षिण निगम आयुक्त डॉ अमित यादव को स्टेट हेल्थ इंश्योरेंस एजेंसी जयपुर में सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी लगाया गया है।

यादव को सात और तोमर ने पूरा किया एक साल कार्यकाल
दक्षिण आयुक्त यादव ने 9 दिसम्बर 2021 को कार्यभार ग्रहण किया था, उनका महज 7 माह का ही कार्यकाल हो सका। जबकि उत्तर आयुक्त तोमर ने 6 जुलाई 2020 को प्रभार संभाला था। उन्होंने एक साल का कार्यकाल निकाला। एक साथ दोनों आयुक्त का तबादल शहर में चर्चा का विषय रहा।

सीएम की कई प्रोजेक्ट पर नजर

सीएम शहर में चल रहे या शुरू होने वाले 20 से ज्यादा प्रोजेक्ट पर सीधी नजर रखे हुए हैं। उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी होती है। लेकिन निगम टीम की ओर से अपेक्षित प्रगति नहीं मिलना भी इन तबादलों के पीछे कारण माना जा रहा है।

दो दिन पहले ही आरएएस खान हुए बहाल
दो दिन पहले ही आरएएस अधिकारी अयूब खान बहाल हुए हैं। उन्हें उपायुक्त निगम उत्तर के पद से ही निलंबित किया गया था। इस बहाली के बाद अभी उनका पदस्थापन नहीं हुआ है।

Published on:
21 Jul 2021 09:18 pm