
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो- पत्रिका
जोधपुर/नागौर। बोरुन्दा कस्बे के जोधपुर जिले की सीमा के पास मेड़ता सिटी-नागौर जिले के बीटन में हुए ट्रेलर-कार हादसे में तीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं ट्रेलर कार को करीब 50 फीट घसीटते हुए 5 फीट की दीवार तोड़ते हुए एक मकान में घुस गया। हादसे में एक बच्ची को गंभीर हालत में निकटवर्ती सीएचसी बोरुन्दा में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। ट्रेलर और कार हादसे की सूचना मिलते ही बोरुन्दा पुलिस मौके पर पहुंची। बता दें कि हादसे में पति, पत्नी और बेटे की मौत हो गई। वहीं बेटी गंभीर रूप से घायल है।
यह वीडियो भी देखें
जोधपुर ग्रामीण के बोरुन्दा पुलिस थानाधिकारी सुजानाराम विश्नोई ने बताया कि रविवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। बोरुन्दा से बिटन गांव की ओर जाने वाले स्टेट हाईवे 21 पर एचपी पेट्रोल पंप के पास टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक मासूम चोट लगने से घायल हो गई। हादसे के बाद सभी को बोरुन्दा सीएचसी लाया गया। मृतकों की पहचान श्रीनिवास यादव उम्र 35 साल, पत्नी रीनु उम्र 32 साल, पुत्र जयंत यादव उम्र 7 साल के रूप में हुई है। वहीं मृतक की पुत्री प्राची उम्र 10 साल को जोधपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मासूम प्राची के अंदरूनी चोट लगने पर हालत गंभीर होने पर उसे बोरुन्दा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही बोरुन्दा थानाधिकारी सुजानाराम विश्नोई, मुख्य आरक्षी श्रीराम मीणा, कॉन्स्टेबल रामराज भंवरिया, बद्रीनारायण मीणा, सुभाष जाखड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर भीड़ को नियंत्रित किया।
इसके बाद घायलों और मृतकों को बोरुन्दा अस्पताल पहुंचाया। मृतक और घायल हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ट्रेलर कार एक्सीडेंट की सीमा नागौर जिले के जसनगर पुलिस थाना क्षेत्र में होने के चलते बोरुन्दा पुलिस निरीक्षक विश्नोई ने जसनगर पुलिस थाना को सूचना दी। जहां से एएसआई सुगनाराम ग्वाला और कांस्टेबल राहुल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बोरुन्दा अस्पताल में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। शवों को बोरुन्दा के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार नितिन के नाम बताई जा रही है। जो हरियाणा प्रांत के निवासी हैं।
Updated on:
22 Jun 2026 06:52 am
Published on:
21 Jun 2026 05:29 pm
