
मृतक विक्की फाइटर। फाइल फोटो- पत्रिका
जोधपुर। देवनगर थाना क्षेत्र में 12वीं रोड चौराहा और बॉम्बे मोटर्स के बीच हुई जानलेवा फायरिंग और हमले के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त कमल शेखावत के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लगातार दबिशें दीं।
यह वीडियो भी देखें
कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी अजय घारू के साथ विशाल पंडित, विश्वास उर्फ चिक्कू, मोहित चांचरिया, मनीष बोयत, साहिल राठी, प्रिंस घारू और हरषित तंवर को गिरफ्तार किया गया। यह वारदात 19 जून की रात करीब 10 बजे हुई थी, जब सन्नी हंस और विक्की उर्फ फाइटर पर मारपीट के बाद जानलेवा हमला और फायरिंग की गई। दोनों घायलों को एमडीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विक्की फाइटर की मौत हो गई।
इसके बाद पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है और दोनों पक्षों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं।
जांच में सामने आया है कि 5 से 6 बदमाश एक बाइक और दो स्कूटी पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। आरोपियों ने पहले धारदार हथियारों से हमला किया और बाद में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के दौरान कुल्हाड़ी का भी इस्तेमाल किया गया। हमलावर फरार होते समय कुल्हाड़ी घटनास्थल पर ही फेंक गए। जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस की तीन थाना क्षेत्रों की विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से फरार बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पूरा घटनाक्रम एक कॉम्पलेक्स के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया थी। सीसीटीवी में साफ दिखाई दिया कि विक्की फाइटर और सन्नी हंस के पास बैठा था, तभी हथियारों से लैस बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इनमें एक युवक बॉम्बे मोटर चौराहे की तरफ भागा, जबकि दूसरा पास के ही कॉम्पलेक्स में जान बचाने के लिए दौड़ा।
इसी दौरान वह नीचे गिर गया। बदमाश घायल युवक पर लगातार हमला करते रहे। बदमाशों ने इस दौरान करीब 3 राउंड फायर भी किए। एसीपी पश्चिम नरेन्द्रसिंह देवड़ा ने बताया कि आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश है। आरोपी मोंटू कंडारा गैंग से जुड़े हुए हैं। करीब दो माह पूर्व सन्नी हंस के भाई राहुल ने संजय मेघवाल के साथ मारपीट की थी। बदले के तौर पर आरोपियों के हमला किया।
Updated on:
23 Jun 2026 02:15 pm
Published on:
22 Jun 2026 02:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
