जोधपुर

आसाराम सुनवाई के लिए जेल में तैयार हुआ कोर्ट, सिर्फ इन लोगों की ही हो सकेगी एंट्री

जेल में कोर्ट तैयार, बैरक के पास होगी सुनवाई  

2 min read
Accused Asaram

chenraj bhati/जोधपुर. गुरुकुल की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में चार साल सात माह से जोधपुर जेल में बंद आसाराम उर्फ आसुमल व उसके सेवादारों को 25 अप्रेल को फैसला सुनाया जाएगा। सुरक्षा कारणों को देखते हुए फैसला सेंट्रल जेल में सुनाया जाएगा। इसके लिए जेल में आसाराम के बैरक के पास विशेष कोर्ट तैयार किया गया है। सुनवाई के दिन जज, कोर्ट के कर्मचारी, दोनों पक्षों के वकील, सुरक्षा अधिकारी व जेल अधिकारी मौजूद रहेंगे। जेल के बाहर व अंदर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे।

आतंकियों के लिए बना था कोर्ट


जेल में आसाराम फिलहाल बैरक नम्बर दो में है। इसी बैरक के पास वीडिया कॉन्फ्रेसिंग की सुविधा है। हालांकि फैसले के लिए कोर्ट रूम को तैयार किया जा रहा है। जेल में बने इस कोर्ट में पहले भी आसाराम की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से हो चुकी है। जेल में बंद इंडियन मुजाहिदीन के आतंकियों की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग सुनवाई के लिए यह कोर्ट पहले तैयार किया गया था। सुनवाई के लिए कागजी कार्रवाई, बिजली व्यवस्था सहित सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखा जा रहा है।

ये भी हैं आरोपी


1. शिवा उर्फ सवाराम- प्रमुख सेवादार
2. प्रकाश द्विवेदी-रसोईया
3.शिल्पी उर्फ संचिता गुप्ता
4. शरदचंद्र उर्फ शरतचंद्र

समर्थकों के सोशल मीडिया पर नजर


पुलिस फैसले को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने पर तो मशक्कत कर ही रही है। उसके अलावा आसाराम समर्थकों के सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर है। आसाराम के खास समर्थक व उसके सूचना तंत्र पर खुफिया नजर रखे हुए है। पुलिस के अधिकारियों ने रविवार को पाल स्थित आसाराम के मुख्य आश्रम का निरीक्षण किया। साथ ही वहां रूके गिने चुने समर्थकों को शहर छोडऩे की हिदायत दी। मणाई स्थित आश्रम में किसी भी प्रकार की आवाजाही नहीं है।

तैयारियां जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कोर्ट के आदेश पर आसाराम के फैसले को लेकर जेल में विशेष कोर्ट तैयार किया जा रहा है। फैसले के दिन सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। बैरक के पास की कोर्ट लगेगा, जेल प्रशासन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है।
विक्रम सिंह, डीआईजी, जोधपुर सेंट्रल जेल

ये भी पढ़ें

पहले MBM अब Law Faculty के पंचवर्षीय विधि पाठ्यक्रम का बुरा हाल, परीक्षा से पहले ही अगला सेमेस्टर शुरू
Published on:
23 Apr 2018 11:03 am
Also Read
View All