जोधपुर

VIDEO : लंबे समय बाद एनसीबी की इस कार्रवाई में मिली बड़ी कामयाबी, चालक खलासी फरार

कपास की बोरियों के बीच छुपा मादक पदार्थ के जोधपुर के ग्रामीण क्षेत्र में सप्लाई होने का अंदेशा है।
2 min read
• •
Updated: 1 Feb 2018, 10:29 AM IST
opium smuggling in jodhpur
Narcotics Control Bureau, Anti-narcotics department, illegal opium supply in jodhpur, crime news of jodhpur, jodhpur news

जोधपुर . नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पुलिस की मदद से ट्रक का पीछा कर लोहावट थानान्तर्गत भजन नगर में चौबीस क्विंटल से अधिक डोडा पोस्त जब्त किया। अंधेरे का फायदा उठा चालक व खलासी भाग निकले। कपास की बोरियों के बीच छुपा मादक पदार्थ के जोधपुर के ग्रामीण क्षेत्र में सप्लाई होने का अंदेशा है। गत वर्ष १७ क्विंटल मादक पदार्थ पकड़े जाने के बाद से एनसीबी की लम्बे समय बाद यह बड़ी कार्रवाई है।

एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक विजेन्दर सिंह ने बताया कि जोधपुर नम्बर के एक ट्रक में मादक पदार्थ की बड़ी खेप आने की सूचना मिली। जिस पर लोहावट थाना पुलिस की मदद से एनसीबी ने मंगलवार देर रात तलाश व जांच शुरू की। इस बीच, देर रात संदिग्ध नजर आ रहे एक ट्रक को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ट्रक को और तेजी से भगा ले गया। यह देख एनसीबी ने लोहावट थाना पुलिस की मदद से कई किमी तक पीछा करने पर चालक व खलासी भजन नगर में ट्रक को लावारिस छोड़कर भाग निकले।


तलाशी लेने पर ट्रक में कपास की बोरियों के बीच डोडा पोस्त से भरे कट्टे नजर आए। ब्यूरो ने ट्रक जब्त कर लिया। उसमें भरे कट्टों का वजन करवाया गया तो उनमें २४३५.५८० किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। जिसकी बाजार में एक करोड़ रुपए कीमत आंकी जा रही है। एनसीबी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चालक व खलासी के साथ ही मादक पदार्थ की खेप मंगवाने वाले स्थानीय तस्करों के बारे में जांच और तलाश शुरू की है।

नागपुर से भरी थी कपास की बोरियां


सहायक निदेशक वीरेन्द्र यादव ने बताया कि ट्रक को पकडऩे के बाद तलाशी लेने पर ऊपर उसमें कपास से भरी बोरियां नजर आई। उसके नीचे डोडा पोस्त से भरे कट्टे थे। जांच में सामने आया कि कपास की यह बोरियां नागपुर में कलमेश्वर तहसील के मोहाली गांव से भरकर लाई जा रही थी।

ट्रक नम्बर से स्थानीय तस्करों पर अंदेशा


फिलहाल ट्रक चालक व खलासी का पता नहीं लग पाया है। उसके पंजीयन नम्बर के आधार पर पुलिस दोनों के अलावा मादक पदार्थ की खेप मंगवाने वालों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। ट्रक के पंजीयन जोधपुर के हैं और उस पर लिखे नाम व जाति से स्थानीय तस्करों पर संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। लोहावट क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के कुछ बड़े तस्कर भी लम्बे समय से सक्रिय हैं।

Published on: