जोधपुर

Monsoon Alert: किसी भी वक्त शुरू हो सकती है भारी बारिश, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी जारी

बीकानेर के छतरगढ़ तहसील क्षेत्र में देर रात तक हुई बारिश से तहसील के तीन गांवों में साठ मकान गिर गए
2 min read
• •
Updated: 31 Jul 2023, 9:59 AM IST
monsoon_in_rajasthan.jpg

जोधपुर। प्रदेश में फिलहाल दो दिनों के लिए मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी है। इस बीच जयपुर मौसम विभाग ने सोमवार को जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर और धौलपुर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी आज हल्की बारिश हो सकती है। इस बीच विभाग ने कोटा और बारां में भारी बारिश की चेतावनी जारी है। हालांकि राज्य के अन्य जिलों में आज मानसून सुस्त ही रहेगा।

वहीं बीकानेर के छतरगढ़ तहसील क्षेत्र में देर रात तक हुई बारिश से तहसील के तीन गांवों में साठ मकान गिर गए। वहीं खारबारा गांव जलमग्न हो गया। खारबारा गांव निचले स्तर पर बसा होने कारण करीब दो-तीन घंटे चली मूसलाधार बारिश के पानी ने घरों को घेर लिया। गांव में इतना पानी इकट्ठा हो गया कि घरों की दीवार तोड़कर पानी नीचे आ गया। रविवार सुबह एक के बाद एक करीब 50 कच्चे मकान धराशायी हो गए। गलियों में पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात हो गए।

वहीं खारबारा के नजदीकी गांव भाडसर व कृष्णनगर गांव में भी 10 कच्चे मकान तेज बारिश से ढह गए। मकान गिरने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं कुछ मकान पूरी तरह ढह गए। कुछ पक्के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राजस्थान में अगले दो दिन तेज बरसात से कुछ राहत मिलेगी। वहीं दो अगस्त से बंगाल की खाड़ी में एक और सिस्टम सक्रिय होने के आसार हैं, जिसके असर से भरतपुर और जयपुर संभाग में तेज बरसात के आसार हैं।

Published on: