जोधपुर

IMD Monsoon Update: डॉप्लर राडार से मानसून को लेकर मिली ऐसी चेतावनी, यहां होगी झमाझम बारिश

लम्बे अरसे बाद शहर में शुक्रवार रात को मूसलाधार बारिश हुई। आधे घंटे तक एकरस पानी बरसने से पनाळे चल पड़ी।

2 min read
Sep 16, 2023
new_alert_for_heavy_rain_02.jpg

जोधपुर। लम्बे अरसे बाद शहर में शुक्रवार रात को मूसलाधार बारिश हुई। आधे घंटे तक एकरस पानी बरसने से पनाळे चल पड़ी। बारिश की तीव्रता अधिक होने से सड़कों पर आधे फीट तक पानी की चादर चलने लग गई। निचले कई इलाकों में पानी भर गया। देर रात तक रुक रुक कर बारिश का सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बहुत अधिक विकसित होने की वजह से मानसून सक्रिय हो गया है। अगले तीन चार दिन तक बरसात का मौसम बना हुआ है। प्रदेश के दक्षिणी और दक्षिणी पूर्वी हिस्से में कुछ जगह पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं मौसम विभाग केंद्र जयपुर का कहना है कि डॉप्लर राडार के अनुसार कोटा, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मानसून हुआ सक्रिय। अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव के प्रभाव से आगामी दो-तीन दिन राज्य के अधिकांश भागों में मानसून रहेगा सक्रिय।

सूर्यनगरी में शुक्रवार सुबह से ही बरसाती मौसम बना हुआ था। रिमझिम बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया। न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ हवा में अत्यधिक नमी के चलते उमस का असर बढ़ने लगा। दोपहर तक तापमान 34.3 डिग्री पर पहुंच गया। शाम ढलने के बाद मौसम कुछ सामान्य हुआ। रात 9:30 बजे एकदम से तेज बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते यह मूसलाधार में तब्दील हो गई।

यह भी पढ़ें- जी-20 सम्मेलन में छाया जोधपुर का हैण्डीक्राफ्ट

पानी में फंसे वाहन
रात 10 बजे तक एक जैसी तेज बरसात हुई। इसके बाद बारिश की गति थोड़ी धीमी हो गई लेकिन आधे घंटे की झमाझम बारिश से शहर में पानी ही पानी हो गया। अजीत कॉलोनी, सर्किट हाउस, मेडिकल कॉलेज चौराहा, मेड़ती गेट, अमृता देवी सर्कल सहित कई स्थानों पर पानी भर गया। पानी में कई दुपहिया वाहन बंद हो गए। बारिश से रामदेवरा जाने वाले जातरुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Published on:
16 Sept 2023 09:44 am