जोधपुर

IMD Rain Alert: राजस्थान के इन जिलों पर मानसून मेहरबान, अब इतने देर में होने वाली है झमाझम बारिश

जयपुर मौसम केंद्र के ताजा अपडेट के अनुसार आगामी तीन घंटों के भीतर भरतपुर, धौलपुर, टोंक, जयपुर, सीकर, सवाईमाधोपुर, दौसा और बूंदी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
2 min read
• •
Updated: 20 Sep 2023, 1:40 PM IST
monsoon_2023.jpg

जोधपुर। जयपुर मौसम केंद्र के ताजा अपडेट के अनुसार आगामी तीन घंटों के भीतर भरतपुर, धौलपुर, टोंक, जयपुर, सीकर, सवाईमाधोपुर, दौसा और बूंदी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे पहले मारवाड़ में मंगलवार को भी मानसून का मेघ मल्हार बना रहा। जोधपुर, पाली, बाड़मेर, जालोर, सिरोही में कई स्थानों पर हल्की से लेकर तेज बारिश हुई। जोधपुर में दोपहर बाद बीस मिनट तक तेज बारिश से सड़कों पर बाळा आ गया। मंडोर से लेकर पावटा तक जमकर बारिश हुई। इस दौरान 16 मिलीमीटर पानी बरसा। जिले के बावड़ी में 15, ओसियां में 13, तिंवरी में 8 और फलोदी, आऊ, सहित आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हुई। बाड़मेर और जालोर में मानसून का सर्वाधिक असर रहा है। बाड़मेर के धोरीमन्ना में 73, सेड़वा में 20, नोख में 18, चौहटन में 10, बायतू में 10, नोखड़ा में 17, जालोर के चितलवाना में 13, सांचौर में 15 मिमी बारिश हुई। पाली व सिरोही में मध्यम बारिश हुई।

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम कमजोर हुआ
राज्य के ऊपर बना परिसंचरण तंत्र मंगलवार को दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर स्थित था, जो धीरे-धीरे कमजोर हो गया। इससे जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर इलाकों में 20 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। तत्पश्चात आगामी दिनों में केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश की संभावना है।

एक नया सिस्टम फिर बना
एक और नया परिसंचरण तंत्र बंगाल की खाड़ी में बन गया है। इसके प्रभाव से 22 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की गतिविधियां पुन: शुरू होने की संभावना है। सप्ताहांत में जोधपुर संभाग में भी बरसाती मौसम बनने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में लगातार सिस्टम बनने से मानसून के लौटने में देरी होगी।

गर्मी गायब, मौसम में घुली ठंडक
सूर्यनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा। सुबह से ही बरसाती मौसम बना हुआ था।
रुक रुक कर बारिश का सिलसिला चल रहा था। दोपहर में तापमान 30.3 डिग्री से ऊपर नहीं गया। अत्यधिक नमी के कारण गर्मी का असर बिल्कुल खत्म हो गया। मौसम में ठंडक घुल गई। कई जगह पंखे और एसी बंद करने पड़े।

Published on: