
जोधपुर. पश्चिमी राजस्थान में आगामी पांच दिन तक मौसम शुष्क रहने और बारिश की कोई संभावना नहीं है। काजरी स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा की ओर से शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 31 और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की गति 1 से 2 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। कृषि मौसम सलाह में किसानों को रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।
जीरा : बुवाई के लिए आरसीडी-19, आरसीडी-209, जीसी-4 और आरजेड-223 उन्नत किस्में बताई गई हैं। प्रति हेक्टेयर 15 किलो बीज, 20 किलो नाइट्रोजन, 20 किलो फास्फोरस और 15 किलो पोटाश देने की सलाह है। बुवाई के तुरंत बाद हल्की सिंचाई करें और दूसरी सिंचाई 6-7 दिन बाद करें।
गेहूं : बुवाई दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक पूरी करें। राज-3077, राज-3777, राज-4037 और राज-1482 किस्मों की बुवाई करें। प्रति हेक्टेयर 100 किलो बीज तथा 60 किलो नाइट्रोजन, 40 किलो फास्फोरस और 20 किलो पोटाश देने की सलाह है।
सरसों : 25-30 दिन की फसल में सिंचाई करें और प्रति हेक्टेयर 30 किलो नाइट्रोजन दें।
गाजर : खरपतवार नियंत्रण के लिए निराई-गुड़ाई करें। बुवाई के 45 दिन बाद 30 किलो नाइट्रोजन प्रति हेक्टेयर की दर से दें।
प्याज : तैयार पौध की रोपाई करें। खेत की तैयारी के समय प्रति हेक्टेयर 50 किलो नाइट्रोजन, 50 किलो फास्फोरस और 100 किलो पोटाश डालें।
मौसम शुष्क रहने के कारण जीरे में अच्छे अंकुरण के लिए 7-8 दिन के अंतराल पर सिंचाई करें। किसानों को खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने और फसलों की आवश्यकता के अनुसार सिंचाई करने की सलाह दी गई है।