
जोधपुर . सुरक्षा के लिहाज से देश की पश्चिमी सीमा और अधिक मजबूत बनेगी। आतंकियों की घुसपैठ रोकने और सीमा की चौकसी को और मजबूत बनाने के लिए भारत सरकार पश्चिमी सीमा पर करीब 700 नए ओपी (ऑब्जर्वेशन पोस्ट) टॉवर बनाने जा रही है। ये टॉवर करीब २५ से ३0 फीट ऊंचाई के होंगे। जहां से सैनिक दूरबीन की सहायता से करीब 3 से 4 किमी. की दूरी पर आसानी से निगरानी रख सकेंगे। इससे भारतीय सेना को न केवल मजबूती मिलेगी बल्कि बॉर्डर पर सिक्यूरिटी खासी चुस्त हो जाएगी। इससे बॉर्डर में अवैध प्रवेश करने पर भी रोक होगी।
वहीं तेज धूप, बारिश, आंधी सहित सभी मौसम और विपरीत परिस्थितियों में सैनिकों को इन टॉवरों से चौकसी में आसानी होगी। वर्तमान में भी देश की पश्चिमी सीमा पर करीब 250 टॉवर बने हुए हैं, लेकिन इनकी संख्या कम है और ऊंचाई भी अधिक नहीं है। अब नए 700 टॉवर और बनने से सीमा की सुरक्षा और मजबूत हो जाएगी।
राजस्थान से लेकर जम्मू तक बनेंगे टॉवर
नए ओपी टॉवर जी+1 एवं जी+२ के होंगे। ये टॉवर देश की पूरी पश्चिमी सीमा यानि राजस्थान, गुजरात, पंजाब सहित जम्मू में बनाए जाएंगे। जोधपुर फ्रंटियर मुख्यालय के अंतर्गत सीमा में करीब 150 टॉवर और बनेंगे। फिलहाल जोधपुर फ्रंटियर मुख्यालय के पास करीब 100 टॉवर हैं। इन टॉवर में टॉयलेट के लिए भी सुविधा होगी। राजस्थान की पश्चिमी सीमा यानि जैसलमेर-बाड़मेर, बीकानेर में तेज धूप और धूल भरी आंधियां अधिक चलती है। ऐसे में ये टॉवर सैनिकों का तेज धूप, आंधी सहित बारिश से बचाव करेंगे और सीमा को अधिक सुरक्षित करने में मदद करेंगे।
जोधपुर फ्रंटियर मुख्यालय के अंतर्गत बनेंगे 150 नए टॉवर
जोधपुर फ्रंटियर मुख्यालय के अंतर्गत करीब 150 नए टॉवर बनाए जाने हैं। इनसे तेज धूप, आंधी, बारिश में सैनिकों का बचाव हो सकेगा। निश्चित रूप से इन टॉवरों से देश की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी।
रवि गांधी, डीआईजी, बीएसएफ, जोधपुर फ्रंटियर मुख्यालय