जोधपुर

हंगामेदार सभा के बीच जोधपुर के वकीलों ने इस वजह से मुख्यमंत्री के दौरे तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय किया

- वकीलों ने धरनास्थल पर बुलाई आमसभा

2 min read
Jodhpur,Rajasthan High Court,jodhpur high court,Jodhpur Court,jodhpur news,advocate protest,Jodhpur Hindi news,jodhpur latest news,
हंगामेदार सभा के बीच जोधपुर के वकीलों ने इस वजह से मुख्यमंत्री के दौरे तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय किया

- कहा सीएम से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

जोधपुर. उदयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट की सर्किट बैंच की स्थापना के विरोध में जोधपुर के वकीलों का कार्य बहिष्कार मुख्यमंत्री के प्रस्तावित जोधपुर दौरे तक जारी रहेगा। दौरे के दौरान वकीलों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा व ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही आंदोलन समाप्त करने का निर्णय किया जाएगा। यह घोषणा वकील आंदोलन के नेताओं ने सोमवार को धरनास्थल पर हंगामेदार आमसभा में की।

हंगामेदार रही आमसभा

हाईकोर्ट परिसर स्थित धरनास्थल पर आमसभा में जब भारी संख्या में उपस्थित वकीलों को हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन अध्यक्ष जोशी व लॉयर्स एसोसिएशन अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने विधि राज्यमंत्री पुष्पेन्द्रसिंह राणावत से शनिवार को हुई मुलाकात की जानकारी दी। राज्यमंत्री ने जानकारी दी थी कि उदयपुर सर्किट बैंच को लेकर कमेटी का विधिवत गठन नहीं हुआ है। यह अभी प्रक्रियाधीन है। सभी पक्षों को सुनने के बाद ही बैंच के सम्बन्ध में निर्णय लिया जाएगा। आमसभा में जोधपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. महेंद्रसिंह राठौड़ ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जोधपुर के अधिवक्ताओं के साथ हैं।

विधि राज्यमंत्री का प्रस्ताव किया खारिज

आमसभा में वकीलों से इस प्रस्तावों पर विचार करने के लिए कहा गया, तो वक्ताओं ने विधि राज्यमंत्री एवं प्राधिकरण अध्यक्ष की बात को सिरे से नकार दिया। उनका कहना था कि प्राधिकरण अध्यक्ष मुख्यमंत्री के जोधपुर दौरे से पहले ही क्यों आंदोलन समाप्त कराने आए हैं। वे इससे पहले क्यों नहीं आए। वकीलों का कहना था कि लिखित में ठोस आश्वासन चाहिए कि हाईकोर्ट का विखंडन नहीं होगा। आमसभा के दौरान वकीलों ने नारेबाजी की।

इन्होंने भी दिया वकीलों का साथ

वकीलों के आंदोलन के समर्थन में एडवोकेट्स क्लर्क एसेासिएशन, स्टाम्प वैडर्स, फोटो स्टेट एवं कम्प्यूटर टाइपिंस्टों ने भी कार्य नहीं किया। धरना स्थल पर शिवसेना के पूर्व प्रमुख सुरेश जैन, मारवाड़ राजपूत सभा अध्यक्ष हनुमानसिंह खंागटा, गांधी नेहरू विचार मंच के सत्यनारायण गौड़ एवं कान्यकुब्ज समाज व ओमनगर विकास समिति अध्यक्ष राधेकिशन त्रिपाठी ने आंदोलन को समर्थन दिया।

इन्होंने किया संबोधित

धरने को उपाध्यक्ष कपिल बोहरा, सहसचिव दिलिप शर्मा, कोषाध्यक्ष पुखराज गौदारा, उपाध्यक्ष जितेन्द्रसिंह खीची, कोषाध्यक्ष देवकीनंदन व्यास, सहसचिव राजेष परिहार, वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद पुरोहित, हस्तीमल सारस्वत, नाथूसिंह राठौड़, देवीलाल व्यास, हैदर आगा, रेखा बोराणा, मंजू चौधरी आदि ने संबोधित किया।

Published on:
19 Jun 2018 11:33 am